रिपोर्टर: अनुराग शुक्ला
Indore : मध्य प्रदेश को औद्योगिक, शहरी और आर्थिक विकास के नए शिखर पर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2047 तक का महत्वाकांक्षी विजन डॉक्युमेंट पेश किया है। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0’ का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुनियोजित शहरीकरण, बुनियादी ढांचे के विस्तार और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की योजनाओं की घोषणा की। इस दौरान इंदौर, भोपाल और उज्जैन को मेट्रोपॉलिटन रीजन के रूप में विकसित करने और इंदौर फ्यूचर सिटी प्रोजेक्ट के तहत 20 लाख नए रोजगार पैदा करने का संकल्प दोहराया गया।
इंदौर फ्यूचर सिटी में 20 लाख रोजगार और 12-15 नई टाउनशिप का खाका
Indore मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आधुनिक शहरों का विकास सिर्फ रिहायशी कॉलोनियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें व्यापार, नवाचार और रोजगार का केंद्र बनाया जाना जरूरी है। इसी विजन के साथ लगभग 5 हजार एकड़ क्षेत्र में ‘इंदौर फ्यूचर सिटी’ विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके साथ ही, राज्य भर में लगभग 25 से 30 हजार एकड़ भूमि पर 12 से 15 नई अत्याधुनिक टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे भविष्य की आबादी के लिए बेहतर परिवहन, आवास और औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इंदौर, उज्जैन और भोपाल बनेंगे मेट्रोपॉलिटन रीजन; धार्मिक पर्यटन पर भी जोर
Indore प्रदेश के प्रमुख शहरों के कायाकल्प के लिए इंदौर, उज्जैन और भोपाल को मेट्रोपॉलिटन शहरों की तर्ज पर आपस में जोड़कर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बुनियादी ढांचे के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को अर्थव्यवस्था का प्रमुख स्तंभ बताया। महाकाल महालोक के बाद उज्जैन में सालाना 7 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन का उल्लेख करते हुए उन्होंने धार्मिक स्थलों के विकास के लिए ‘टेंपल बॉन्ड’ और पर्यावरण परियोजनाओं के लिए ‘ग्रीन एनर्जी बॉन्ड’ जैसे नए वित्तीय मॉडल अपनाने पर जोर दिया।
सेमीकंडक्टर, रिन्यूएबल एनर्जी में निवेश और बेहतर एयर कनेक्टिविटी का विजन
Indore कॉन्क्लेव में सेमीकंडक्टर निर्माण, सौर ऊर्जा, वॉटर मैनेजमेंट और डिजिटल गवर्नेंस जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निजी निवेश आकर्षित करने पर चर्चा हुई। अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने इंदौर-अबू धाबी सीधी उड़ान का उल्लेख किया, जिसके लिए राज्य सरकार वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) दे रही है। उन्होंने भोपाल और इंदौर से भविष्य में बैंकॉक तथा अन्य वैश्विक शहरों के लिए सीधी एयर कनेक्टिविटी शुरू करने की संभावना जताई। वर्तमान में प्रदेश में 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश और 75 हजार करोड़ रुपये के निर्यात का हवाला देते हुए उन्होंने निवेशकों को मध्य प्रदेश में आमंत्रित किया।

