Mathura Dowry Murder Case:उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दहेज लोभी ससुरालियों की क्रूरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना जैत क्षेत्र के चौमुहां गाँव में अतिरिक्त दहेज की माँग पूरी न होने पर एक विवाहिता की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत कुल छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्ष 2023 में हुई थी शादी, जल्द शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर
Mathura Dowry Murder Case:प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित प्रहलादपुर (मजरा डीग) के रहने वाले मानसिंह ने बताया कि उनकी बहन शीतल का विवाह 23 जून 2023 को चौमुहां निवासी जयगोपाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी में उन्होंने लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए थे, बावजूद इसके ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं हुए और कुछ समय बाद से ही शीतल को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। इस दौरान मारपीट और गर्भावस्था में जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
दहेज की माँग पूरी न होने पर ले ली जान
Mathura Dowry Murder Case:वादी मानसिंह का आरोप है कि गत 22 अक्टूबर 2026 को आरोपियों ने दहेज में 5 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की माँग पूरी न होने पर शीतल के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पति जयगोपाल, सास जमुना, ससुर धीमू, ननद गुड़िया, गिरधारी और संजू को नामजद किया है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जाँच जारी
Mathura Dowry Murder Case:पीड़ित परिवार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अभी तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। वे पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (CO) वरुण कुमार का कहना है कि थाना जैत में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले के विभिन्न पहलुओं की गहनता से विवेचना की जा रही है। जाँच के निष्कर्षों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

