Dholpur Suicide Case:राजस्थान के धौलपुर जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। निहालगंज थाना क्षेत्र में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और उनकी पत्नी के शव उनके किराए के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटके मिले। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
स्कूल गए थे बच्चे, घर पर उठाया खौफनाक कदम
Dholpur Suicide Case:करौली जिले के नादौती के रहने वाले 37 वर्षीय बलराम मीणा और उनकी 33 वर्षीय पत्नी सरोज मीणा धौलपुर में गुरुद्वारे के पास किराए के मकान पर रहते थे। उनके साथ उनका 4 साल का बेटा आरुष और बलराम के बड़े भाई का बेटा भी रहता था। घटना के वक्त दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे बलराम मीणा ने अपने व्हाट्सएप पर कुछ स्टेटस अपलोड किए। इनमें से दो स्टेटस पर उनकी और उनकी पत्नी की तस्वीरें थीं, जबकि अंतिम स्टेटस में ‘अंतिम जोहार’ लिखा हुआ था।
दोस्त के पहुंचने तक बहुत देर हो चुकी थी
Dholpur Suicide Case:व्हाट्सएप स्टेटस देखकर बलराम का एक दोस्त पुष्पेंद्र तुरंत उनके घर पहुंच गया। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। जब काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, तो किसी तरह अंदर जाकर देखा गया। वहां दोनों पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही निहालगंज थाना पुलिस, एडिशनल एसपी वैभव शर्मा और सीओ सिटी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
डायरी के पन्नों में बयां हुआ दर्द: “हम थक गए हैं…”
Dholpur Suicide Case:पुलिस को मौके से एक डायरी मिली है, जिसमें दिल को झकझोर देने वाली बातें लिखी हैं। डायरी में माता-पिता, दो भाइयों और तीन दोस्तों के लिए अलग-अलग भावुक संदेश छोड़े गए हैं। दोस्त पुष्पेंद्र के नाम लिखे संदेश में उनके बेटे आरुष का ख्याल रखने की बात कही गई है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस दंपति ने 26 सितंबर को भी ऐसा ही कदम उठाने की योजना बनाई थी, लेकिन उस दिन बच्चों के जागने और सोने के कारण उन्होंने प्लान टाल दिया था। डायरी में लिखा मिला, “अपना ध्यान रखना… हम थक गए हैं, अब आराम करना चाहते हैं।”
21 सितंबर से ऑफिस से थे अनुपस्थित
Dholpur Suicide Case:पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बलराम मीणा 21 सितंबर से अपने दफ्तर नहीं जा रहे थे। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आखिर पिछले कुछ दिनों में ऐसा क्या हुआ था जिसके चलते उन्होंने ऑफिस जाना बंद कर दिया और यह घातक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस डायरी और मोबाइल के आधार पर सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
read this:-मोतिहारी: रिंग बांध टूटने से दो पंचायतों के दर्जनों गांवों में फैला पानी, सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न

