रिपोर्टर: कौशल गुप्ता
Amarkantak : अनूपपुर जिले के अमरकंटक में स्थित श्री जवाहर नवोदय विद्यालय एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। हाल ही में 10वीं और 11वीं कक्षा के छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि परिसर के अंदर शराब की बोतलें मिलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने आवासीय विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिसर से शराब की बोतलें मिलने पर उठे गंभीर सवाल
Amarkantak सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नवोदय विद्यालय परिसर के भीतर शराब की बोतलें पड़ी दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद छात्रों ने खुलकर आरोप लगाया है कि विद्यालय के कुछ शिक्षक परिसर में शराब का सेवन करते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। इस घटना ने सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा कर दिया है कि जिस आवासीय परिसर में बाहरी परिंदों का भी परिंदा मारना बिना अनुमति मुमकिन नहीं है, वहां इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें आखिर अंदर कैसे पहुंचीं?
छात्रों के गुटों में मारपीट के बाद सामने आई अनुशासन की ढिलाई
Amarkantak शराब की बोतलें मिलने का यह विवाद तब तूल पकड़ गया जब विद्यालय में 10वीं और 11वीं के छात्रों के बीच आपसी विवाद में जमकर मारपीट हो गई थी। इस मारपीट के दौरान विद्यालय में तैनात शिक्षकों की अनुपस्थिति और ढीली निगरानी व्यवस्था पर भी उंगलियां उठ रही हैं। अभिभावकों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब छात्रावास में सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने चाहिए, तब इस तरह की अनुशासनहीनता बेहद चिंताजनक है।
प्राचार्य ने गठित की जांच समिति, रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
Amarkantak पूरे मामले पर जब नवोदय विद्यालय प्रबंधन से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने त्वरित प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए व्यस्तता का हवाला दिया। हालांकि, विद्यालय के प्राचार्य ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो और छात्रों के आरोपों की गहराई से निष्पक्ष जांच कराने के लिए एक आंतरिक जांच समिति का गठन कर दिया गया है। प्राचार्य का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

