Kanpur youth jumps from mall building:उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रेम प्रसंग और निकाह के विवाद को लेकर एक दर्दनाक मामला सामने आया है। शहर के सर्वोदय नगर स्थित रेव मोती मॉल में एक युवक ने प्रेमिका द्वारा निकाह से इनकार करने पर मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सऊदी अरब में नौकरी करता था मृतक इम्तियाज रियाज
Kanpur youth jumps from mall building:पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम को सर्वोदय नगर थाना क्षेत्र स्थित रेव मोती मॉल में हुई। मृतक की पहचान चमनगंज इलाके के रहने वाले 36 वर्षीय इम्तियाज रियाज के रूप में हुई है। इम्तियाज सऊदी अरब में नौकरी करता था।
बताया जा रहा है कि उसका अपनी ही एक रिश्तेदार की बेटी के साथ कथित तौर पर करीब 10 साल से प्रेम संबंध था। इम्तियाज उसी युवती से निकाह करना चाहता था। कुछ साल पहले वह नौकरी के सिलसिले में विदेश चला गया था, इस दौरान युवती की जिंदगी में किसी अन्य युवक के आने की बात सामने आई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से तनाव और बातचीत चल रही थी।
दो साथियों के साथ मॉल पहुंचा था युवक
Kanpur youth jumps from mall building:बुधवार शाम करीब 7:30 बजे इम्तियाज अपने दो दोस्तों के साथ रेव मोती मॉल पहुंचा था। उसने बातचीत के लिए उस युवती को भी वहीं बुलाया था। मॉल में मुलाकात के दौरान इम्तियाज ने युवती के सामने एक बार फिर निकाह का प्रस्ताव रखा, लेकिन युवती ने इसके लिए साफ इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी और विवाद हो गया। बहस के दौरान अचानक आवेश में आकर इम्तियाज ने मॉल की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। उसे नीचे गिरता देख वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
Kanpur youth jumps from mall building:घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल इम्तियाज को आनन-फानन में पास के रीजेंसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मॉल पहुंचकर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से औपचारिक तहरीर मिलने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

