रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Jamshedpur : श्री गो-कृपा कथा महोत्सव के सिलसिले में जमशेदपुर प्रवास पर आए परम पूज्य संत ग्वाल श्री जी महाराज ने शनिवार को कालियाडीह गौशाला का दौरा किया। इस दौरान साध्वी श्रद्धा दीदी भी उनके साथ उपस्थित रहीं। गौशाला आगमन पर समिति के पदाधिकारियों और गौभक्तों ने उनका भव्य स्वागत किया। महाराज जी ने स्वयं अपने हाथों से गौवंश को हरी सब्जियां, ताजे फल और गुड़ खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
616 बेसहारा गौवंश के बेहतर रखरखाव को देखा और सराहा
Jamshedpur भ्रमण के दौरान गौशाला समिति के अध्यक्ष दीनदयाल काउंटिया ने महाराज जी को पूरी कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गौशाला में वर्तमान समय में 47 समर्पित कर्मचारियों के माध्यम से 616 अदूधिया (बिना दूध देने वाले) गौवंश की नियमित देखभाल और सेवा की जा रही है। संत ग्वाल श्री जी ने गौवंश के खान-पान, स्वास्थ्य और आवास की उत्तम व्यवस्था को देखकर समिति के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
गौसेवा को वैज्ञानिक दिशा देने 7 दिन रहेगा विशेष प्रशिक्षक
Jamshedpur महाराज जी ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक भावना तक सीमित न होकर कुशल प्रबंधन और वैज्ञानिक देखभाल पर भी आधारित होनी चाहिए। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उन्होंने अपनी टीम से एक अनुभवी विशेषज्ञ को 7 दिनों के लिए कालियाडीह गौशाला भेजने का ऐलान किया। यह प्रशिक्षक कर्मचारियों को गौवंश के व्यवस्थित वर्गीकरण, संतुलित आहार और आधुनिक फीडिंग तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देगा।
आयोजन में शहर के कई प्रमुख गौभक्त और गणमान्य रहे उपस्थित
Jamshedpur संत ग्वाल श्री जी के इस दौरे से गौशाला परिवार में भारी उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर मुख्य रूप से राजकुमार अग्रवाल, दिलीप गोयल, रामावतार अग्रवाल, विजय आनंद मूनका, अश्विनी कुमार अग्रवाल, मनोज गोयल, अनिल अग्रवाल, अनंत सरायवाला, दर्श मूनका, सुरेश देबुका, कमल लड्ढा, कैलाश अग्रवाल (अधिवक्ता), विशाल तिवारी और अशोक अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: जामताड़ा में MMDR संशोधन के विरोध में JMM का प्रदर्शन, प्रखंड कार्यालय पर दिया धरना

