Morena Woman River Rescue;मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक महिला ने पारिवारिक विवाद और मानसिक परेशानी के बीच कुंवारी नदी में छलांग लगा दी। घटना कैलारस थाना क्षेत्र के नैपरी पुल की है। महिला के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तेज बहाव के बीच नदी में कूदी महिला
Morena Woman River Rescue;जानकारी के मुताबिक, कुंवारी नदी में इन दिनों पानी का बहाव तेज है। इसी दौरान 26 वर्षीय महिला नैपरी पुल पर पहुंची और अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
नदी में तेज बहाव के साथ महिला बह रही थी। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों से महिला को बाहर निकालने के लिए मदद मांगी। इसके बाद गोताखोरों ने तेज बहाव के बीच नदी में उतरकर महिला को खोजा और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया
Morena Woman River Rescue;रेस्क्यू के दौरान महिला बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस की मदद से उसे तत्काल कैलारस के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के माता-पिता भी अस्पताल पहुंच गए और अपनी बेटी की स्थिति की जानकारी ली।
पति-पत्नी के बीच चल रहा है विवाद
Morena Woman River Rescue;पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान बबली, पत्नी मुकेश गौड़, निवासी बख्शपुर, सबलगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया है कि उसकी शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। दोनों के बीच चल रहा मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, इसी पारिवारिक विवाद के चलते महिला मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले महिला के पिता उसे डॉक्टर के पास ले गए थे। घर लौटने के बाद वह वहां से निकलकर नैपरी पुल पहुंची और नदी में छलांग लगा दी।
पुलिस की तत्परता से बची महिला की जान
Morena Woman River Rescue;कैलारस थाने के उप निरीक्षक हिमांशु यादव ने बताया कि महिला के नदी में कूदने की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से महिला को बचाने के प्रयास किए।
डायल 112 में तैनात प्रधान आरक्षक मुकेश शर्मा के मुताबिक, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला नदी के तेज बहाव में बह रही थी। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों से मदद लेकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया। गोताखोरों ने जोखिम उठाकर नदी में प्रवेश किया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी भी जांच की जा रही है।

