Spread the love

बिहार। CTET अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने STET की तर्ज पर CTET में भी पेयरिंग व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।

एंकर— CTET अभ्यर्थियों का कहना है कि जिस तरह STET में पेयरिंग की व्यवस्था की गई है, उसी आधार पर CTET अभ्यर्थियों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। इसी मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे और अपनी बात रखने की कोशिश की।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि शिक्षा मंत्री की ओर से पहले यह कहा जाता रहा है कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए धरना-प्रदर्शन के बजाय सीधे मुलाकात कर बात रखी जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब वे अपनी मांग लेकर मंत्री के आवास पहुंचे तो मौके पर पुलिस बल के साथ ADM और SDM को भी तैनात कर दिया गया।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि CTET में पेयरिंग की उनकी मांग पिछले करीब तीन महीने से लंबित है। उनका कहना है कि वे किसी विवाद के बजाय शिक्षा मंत्री के सामने सीधे अपनी समस्या रखना चाहते हैं और समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।

मौके पर प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री से उनकी मुलाकात नहीं होती, वे प्रदर्शन स्थल से नहीं हटेंगे।

अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

फिलहाल शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर CTET अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।