रिपोर्टर: सन्तोष सरावगी
Dabra : ग्वालियर जिले के डबरा अंतर्गत पिछोर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पारिवारिक विवाद और कथित सामाजिक ताने-बाना के चलते एक पिता ने अपनी ही 21 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया फ्रेंड और कथित ‘इज्जत’ का विवाद बना हत्या का कारण
Dabra पुलिस हिरासत में आरोपी पिता भगवान दास यादव ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी पहले ही अपनी मर्जी से घर छोड़ चुकी थी, जिससे समाज में उसकी बदनामी हुई थी। वहीं, 21 वर्षीय मृतक नंदिनी यादव की फेसबुक के जरिए एक युवक से बातचीत चल रही थी। पिता को आशंका थी कि नंदिनी भी उसी युवक (मुंह बोले भाई) के साथ घर छोड़कर जाने की तैयारी कर रही है। रिश्तेदारों और समाज के तानों से तंग आकर कथित ‘इज्जत’ बचाने के नाम पर पिता ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मां का आरोप: पति और देवर ने मिलकर दबाया नंदिनी का गला
Dabra मामले में मृतक नंदिनी यादव की मां ने पुलिस के समक्ष अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं। मां के बयानों के अनुसार, नंदिनी की मौत खुदकुशी नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने बताया कि उनके पति भगवान दास यादव, देवर संतोष यादव और अन्य सहयोगियों ने मिलकर नंदिनी की गला घोंटकर हत्या की और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
त्वरित पुलिस कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार जबकि अन्य फरार
Dabra घटना की सूचना मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता भगवान दास यादव को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में शामिल सह-आरोपी चाचा संतोष यादव फिलहाल घटना के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े: जामताड़ा में तेज रफ्तार कंटेनर ने बुजुर्ग को रौंदा, मौत के बाद ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

