MorenaMorena
Spread the love

रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल

Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से किसानों की मेहनत पर डाका डालने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जिले में नकली डीएपी खाद तैयार कर उसकी तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में नकली खाद बरामद की है। यह अवैध कारोबार सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका जाल पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक फैला हुआ था। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त तस्करों, वाहन चालकों और मजदूरों समेत कुल 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

खंडहरनुमा मकान में चल रहा था अवैध कारोबार

Morena पुलिस और प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि धौलपुर के कुछ तस्करों द्वारा जेवरा खेरा के सुनसान इलाके में स्थित एक खंडहरनुमा मकान को किराए पर लिया गया था। इसी गुप्त ठिकाने पर बड़े पैमाने पर नकली डीएपी खाद तैयार की जा रही थी। तस्करों द्वारा यहां खाद को ब्रांडेड कंपनियों की बोरियों में पैक करने के लिए आधुनिक पैकिंग मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। स्थानीय स्तर पर मजदूरी पर रखे गए लोगों से पैकिंग और लोडिंग का काम कराया जाता था, ताकि किसी को शक न हो।

यूपी और राजस्थान तक फैला था सप्लाई नेटवर्क

Morena यह अवैध रूप से तैयार की गई नकली खाद केवल मुरैना तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि इसे लोडिंग वाहनों के माध्यम से अम्बाह और पोरसा के रास्ते उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न इलाकों में भेजा जा रहा था। तस्कर किसानों को असली खाद का झांसा देकर इसे ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। दूसरे राज्यों तक नेटवर्क का विस्तार होने की बात सामने आने के बाद से कृषि विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

500 बोरी नकली खाद और भारी मात्रा में सामग्री जब्त

Morena मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने इस खंडहरनुमा मकान पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से 500 बोरी तैयार नकली डीएपी खाद, 200 खाली बोरियों का बारदाना और पैकिंग मशीन को जब्त किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर स्टेशन रोड थाने में मुख्य आरोपियों के साथ-साथ वाहन चालकों और मजदूरों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह खंगालने में जुटी है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था और अब तक कितनी मात्रा में नकली खाद बाजार में बेची जा चुकी है।

ये भी पढ़े: शेखपुरा: जल संकट के खिलाफ CPI का PHED दफ्तर पर जोरदार प्रदर्शन, करोड़ों के घोटाले का आरोप