JamtaraJamtara
Spread the love

रिपोर्टर: रतन कुमार

Jamtara : जिले के नारायणपुर थानांतर्गत गोविंदपुर-साहेबगंज मुख्य मार्ग पर खरखोकुंडी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कंटेनर की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान खरखोकुंडी निवासी हेमन रजक के रूप में हुई है। इस घटना से उग्र हुए स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मवेशी बांधकर लौटते समय हुआ भीषण हादसा

Jamtara प्राप्त विवरण के अनुसार, हेमन रजक अपने मवेशी को मैदान में बांधकर पैदल ही घर वापस आ रहे थे। उसी दौरान हाईवे पर तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि हेमन रजक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई।

टायर जलाकर जताया विरोध, यातायात पूरी तरह बाधित

Jamtara घटना से उग्र ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर अपना गुस्सा जताया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारी, चालक को ग्रामीणों ने बनाया बंधक

Jamtara हादसे की सूचना मिलते ही बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता और नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने कंटेनर चालक को पकड़कर गांव की तरफ ले जाकर बंधक बना लिया। प्रशासन लगातार ग्रामीणों से वार्ता कर मामले को सुलझाने में जुटा है।

ये भी पढ़े: बोगियाँ कम होने से नाराज यात्रियों ने बरबीघा में रोकी ट्रेन, ट्रैक पर बैठकर किया प्रदर्शन