मंदसौर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में नई आबादी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में MD ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान करीब 190 ग्राम MD ड्रग्स और 3 किलो 600 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाजिश (19) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथी शाहरुख (28) और अय्युब पठान पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों के साथ-साथ नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
MD ड्रग्स के खिलाफ लगातार अभियान
मंदसौर पुलिस इससे पहले भी MD ड्रग्स के अवैध कारोबार पर कार्रवाई कर चुकी है। नई आबादी थाना पुलिस ने पूर्व में MD ड्रग्स तैयार करने वाली एक फैक्ट्री का भी खुलासा किया था। इस कार्रवाई की गृह विभाग की ओर से सराहना की गई थी।
ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
मंदसौर में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
