रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Muzaffarnagar : बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और उनके करीबियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में ईडी की लखनऊ जोनल टीम ने मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद तथा फरीदाबाद स्थित नौ अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ रेड मारी।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को सूटकेसों और बैगों में भरकर रखे गए कुल 3.6 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। रकम की बरामदगी के बाद ईडी ने संबंधित परिसरों को सील कर दिया है।
फर्जी बिलिंग और सर्कुलर ट्रांजैक्शन के जरिए जीएसटी चोरी का आरोप
Muzaffarnagar यह पूरा मामला बिना वास्तविक माल आपूर्ति के बोगस इनवॉइस और फर्जी बिल तैयार कर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल करने से जुड़ा है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने कई फर्जी कंपनियां बनाकर सर्कुलर लेनदेन किया और सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया।
फर्जी कंपनियों के जरिए रकम को कई परतों में बांटकर कैश में भुनाया जाता था। छापेमारी के दौरान ईडी को वित्तीय हेरफेर से जुड़े कई डिजिटल साक्ष्य, अहम दस्तावेज और भारी नकदी बरामद हुई है।
गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर स्थित ठिकानों पर कार्रवाई
Muzaffarnagar प्रवर्तन निदेशालय की यह कार्रवाई मुजफ्फरनगर स्थित ‘न्यू राणा हाउस’ और गाजियाबाद की सुधा स्टील कंपनी समेत अन्य व्यावसायिक परिसरों पर हुई। सूत्रों के अनुसार, फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी नेटवर्क की व्यापक जांच के दौरान यह ठोस सबूत हाथ लगे थे, जिसके बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत केस दर्ज कर यह छापेमारी की।
इस पूरी कार्रवाई से इलाके के उद्योगपतियों और नेताओं के बीच हड़कंप का माहौल है।
विवादों से भरा रहा है पूर्व विधायक का राजनीतिक सफर
Muzaffarnagar पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चित चेहरा रहे शाहनवाज राणा का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। बसपा के टिकट पर विधायक बनने के बाद वे राष्ट्रीय लोकदल और बाद में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) में शामिल हुए।
इससे पहले 2025 में उनकी फर्म ‘राणा स्टील्स’ से जुड़े 5.39 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग और जीएसटी चोरी के मामले में जांच करने आई वाणिज्य कर विभाग की टीम पर हमले का आरोप लगा था, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। इसके अलावा उन पर बिजली चोरी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
ये भी पढ़े: संसद मार्ग से लेकर कनॉट प्लेस तक जलमग्न: तेज बारिश से दिल्ली की रफ्तार पर लगा ब्रेक, व्यवस्थाओं की खुली पोल

