NIT JamshedpurNIT Jamshedpur
Spread the love

रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्‍तव

NIT Jamshedpur : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में सोमवार, 24 अगस्त 2026 को नव प्रवेशित प्रथम वर्ष के 2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर (TSG बिल्डिंग) में ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागत छात्रों का संस्थान परिसर में औपचारिक स्वागत करना और उन्हें यहाँ के शैक्षणिक माहौल, अनुशासित जीवन तथा उपलब्ध अवसरों से रूबरू कराना था।

कार्यक्रम में एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक, डीन, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत और अतिथियों के अभिनंदन के साथ हुआ।

एकता, अनुशासन और देश सेवा ही सफलता का मूलमंत्र

NIT Jamshedpur कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल जितेंद्र सिंह (वीएसएम) ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में सेना के मूल्यों का उल्लेख करते हुए एकता, अनुशासन और निःस्वार्थ राष्ट्रसेवा पर बल दिया। उन्होंने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध को याद करते हुए बताया कि कैसे विभिन्न संस्कृतियों और धर्मों के सैनिकों ने एकजुट होकर देश की रक्षा की थी। उन्होंने सैन्य जीवन के सिद्धांत “अनलिमिटेड लायबिलिटी” का जिक्र करते हुए विद्यार्थियों को विषम परिस्थितियों में धैर्य, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण की भावना बनाए रखने की सीख दी। विशिष्ट अतिथि कर्नल आर. पी. सिंह (सेवानिवृत्त) ने अपने अनुभवों के आधार पर छात्रों को अनुशासित रहकर अपने लक्ष्यों के प्रति दृढ़ रहने की सलाह दी।

शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवाचार के लिए किया प्रेरित

NIT Jamshedpur निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने 2026 बैच के नवागत विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत करते हुए उन्हें एनआईटी जमशेदपुर में मिलने वाले शोध और शैक्षणिक संसाधनों का पूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे केवल डिग्री तक सीमित न रहकर नवाचार (Innovation) और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को अपनाएं।

डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर) प्रो. अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को परिसर में मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं, गतिविधियों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। वहीं डीन (एकेडमिक) प्रो. एम. के. सिन्हा ने संस्थान के शैक्षणिक ढांचे और सतत अध्ययन के महत्व पर अपने विचार रखे।

विभागीय संवाद सत्र के साथ नई यात्रा का आगाज

NIT Jamshedpurमुख्य समारोह के बाद सभी विभागाध्यक्षों को दोपहर 3:30 बजे से अपने-अपने विभागों में नवागत छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के साथ संवाद सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इस सत्र में विद्यार्थियों ने अपने पाठ्यक्रम, प्रयोगशालाओं और विभागीय गतिविधियों को करीब से समझा।

स्टूडेंट्स काउंसिल के अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ ओरिएंटेशन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके साथ ही एनआईटी जमशेदपुर में 2026 बैच के विद्यार्थियों की एक नई और ऊर्जावान शैक्षणिक यात्रा की आधिकारिक शुरुआत हो गई।

ये भी पढ़े: शेखपुरा को स्वच्छ और कचरा-मुक्त बनाने के लिए DM शेखर आनंद की बड़ी पहल