रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Dhamtari : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को धमतरी में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच एजेंसी की टीम ने धमतरी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ई-3 शासकीय बंगले पर छापेमारी की, जो वर्तमान में अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरि को आवंटित है। यह पूरी कार्रवाई अपर कलेक्टर के पति और आबकारी विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर नवीन प्रताप सिंह तोमर से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की गई है।

तड़के कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची ईडी की टीम
Dhamtari मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे ईडी के 10 से 12 अधिकारी दो वाहनों के काफिले के साथ धमतरी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ई-3 बंगले पर पहुंचे। टीम ने परिसर के भीतर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की गहन पड़ताल शुरू की। यह दबिश छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में हुए कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच का हिस्सा है।
मैनपावर आपूर्ति और फर्जी बिलों का पूरा खेल
Dhamtari जांच एजेंसियों की रडार पर वर्ष 2019 से 2023 के बीच CSMCL की शराब दुकानों में कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली मैनपावर एजेंसियों को किए गए भुगतान हैं। आरोप है कि उस दौरान एजेंसियों द्वारा पेश किए गए बिलों में कर्मचारियों की संख्या, उपस्थिति, ओवरटाइम, बोनस और अतिरिक्त कार्यदिवसों के आंकड़ों में हेरफेर किया गया। वास्तविक संख्या से अधिक मैनपावर दिखाकर बढ़ा-चढ़ाकर बिल पास किए गए, जिससे निकाली गई अतिरिक्त राशि का उपयोग कथित तौर पर कमीशन बांटने के लिए किया गया।
नवीन प्रताप सिंह तोमर पर क्या हैं गंभीर आरोप
Dhamtari पूर्व आबकारी डिप्टी कमिश्नर नवीन प्रताप सिंह तोमर के विरुद्ध मैनपावर और ओवरटाइम भुगतान की गड़बड़ियों के मामले में पहले ही आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। CSMCL में पदस्थापना के दौरान वे एजेंसियों के बिलों के प्रसंस्करण और भुगतान प्रक्रिया से जुड़े थे। जांच दस्तावेजों के मुताबिक, उन पर बिल पास करने के एवज में कमीशन लेने का आरोप है, वहीं 29 नवंबर 2023 को हुई 28.80 लाख रुपये की नकद बरामदगी को भी एजेंसी ने संदिग्ध लेन-देन से जोड़कर जांच में शामिल किया है। फिलहाल इस ताजा तलाशी में बरामद दस्तावेजों या डिजिटल सबूतों को लेकर ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़े: सुपौल के स्कूल में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान, छात्राओं ने ली शपथ




