रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। सुरदासपुर पहाड़ी स्थित गहरे पानी से भरी खाई में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर के डूबने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह हादसा रविवार को उस समय हुआ जब किशोर अपने दोस्तों के साथ पहाड़ी की खाई के पास स्थित पानी में स्नान करने गया था।
घटना के लगभग 8 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लापता किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोस्तों के साथ नहाने के दौरान हुआ बड़ा हादसा
Sheikhpura लापता किशोर की पहचान शेखपुरा जिले के करीहो गांव निवासी संजय उर्फ दीपू यादव के 15 वर्षीय पुत्र प्रियांशु उर्फ अमन कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियांशु अपने कुछ साथियों के साथ सुरदासपुर पहाड़ी क्षेत्र में घूमने गया था।
पहाड़ी के पास खनन से बनी गहरी खाई में जमा पानी को देखकर सभी बच्चे उसमें स्नान करने उतर गए। नहाने के दौरान प्रियांशु अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर भी मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग पहुंचते, वह पानी की गहराई में समा चुका था।
स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
Sheikhpura हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही प्रशासनिक टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और आनन-फानन में राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से खाई के गहरे पानी में किशोर की तलाश की जा रही है। पानी की अत्यधिक गहराई और पहाड़ी संरचना के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में गोताखोरों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस प्रशासन लगातार मौके पर कैंप कर रहा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
गांव में छाया मातम, एसडीआरएफ टीम की उठ रही मांग
Sheikhpura घटना की जानकारी मिलते ही करीहो गांव से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सुरदासपुर पहाड़ी की खाई के पास इकट्ठा हो गए। प्रियांशु के गायब होने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन बना हुआ है।
घंटों की कड़ी मशक्कत के बावजूद सफलता न मिलने पर ग्रामीणों ने विशेष एनडीआरएफ या एसडीआरएफ की टीम को बुलाने की मांग की है ताकि खाई में डूबे किशोर को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके। फिलहाल खोजबीन का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
ये भी पढ़े: नाक बहना और पेट से गुड़गुड़ की आवाज: शरीर के 10 सामान्य संकेत

