रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Jamshedpur : यूनिवर्सल पीस पैलेस, मरीन ड्राइव (सोनारी) में 25 अगस्त को एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा यह कार्यक्रम पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति और ‘विश्व बंधुत्व दिवस’ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। रक्तदान को केवल एक शारीरिक दान न मानकर इसे “रक्तदान से आध्यात्मिक सशक्तिकरण” की अनूठी सोच के साथ जोड़ा गया है।
Jamshedpur दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति और ऐतिहासिक उपलब्धियां
दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में पिछले वर्ष भारत और नेपाल के विभिन्न केंद्रों पर रक्तदान अभियान चलाया गया था। इस दौरान 88,378 यूनिट से अधिक रक्त एकत्र किया गया था, जिसे ‘ओएमजी बुक्स ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया था। इस वर्ष भी संस्थान का लक्ष्य इस सेवा अभियान को और अधिक व्यापक बनाना है। जमशेदपुर में आयोजित होने वाले शिविर में आने वाले रक्तदाताओं के लिए पहले ज्ञान चर्चा, फिर ध्यान (मेडिटेशन) की अनुभूति और उसके बाद रक्तदान की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्रतिभागियों के लिए उपहार एवं ब्रह्मा भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।
Jamshedpur नशा मुक्ति भारत अभियान बस यात्रा से जागा जन-जागरण
इस रक्तदान शिविर के प्रति शहरवासियों में उत्साह बढ़ाने में ‘नशा मुक्ति भारत अभियान’ की बस यात्रा का भी अहम योगदान है। राजस्थान के माउंट आबू से आई यह विशेष प्रचार बस 7 अगस्त को राज्यपाल द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद से शहर के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर रही है। अब तक बारीडीह, आदित्यपुर, बिरसानगर, टेल्को और मानगो सहित कई इलाकों के 200 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों, पार्कों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति का संदेश दिया जा चुका है। आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक 51,000 से अधिक लोग नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ले चुके हैं।
27 अगस्त तक जमशेदपुर में रहेगा जन-जागरण अभियान
यह नशा मुक्ति बस 27 अगस्त तक जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जन-सेवा करेगी, जिसके बाद यात्रा चांडिल, बहरागोड़ा, चाकुलिया, तातिसिलवे, पतरातू, हजारीबाग और गया के लिए रवाना होगी। अगले चरणों में बिहार और पश्चिम बंगाल के इलाकों को भी इससे जोड़ा जाएगा। आयोजकों ने युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से 25 अगस्त को आयोजित रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मानवता और विश्व बंधुत्व का संदेश देने का आह्वान किया है।

