GunaGuna
Spread the love

रिपोर्टर: रितिक राजपूत

Guna : मध्यप्रदेश के गुना जिले के आरोन विकासखंड स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली मासूम छात्राओं की पानी की बोतल में शरारती छात्रों ने चुपके से पेशाब मिला दिया। इस अमानवीय कृत्य से भी ज्यादा हैरान करने वाला रवैया स्कूल के प्रधानाध्यापक का रहा, जिन्होंने मदद और कार्रवाई करने के बजाय छात्राओं से कह दिया कि “मुंह खराब हो गया है तो चॉकलेट खा लो।”

Guna छात्राओं के साथ अमानवीय कृत्य, प्रधानाध्यापक का गैर-जिम्मेदाराना रवैया

यह घटना उस समय घटी जब पीड़ित छात्राएं पास ही स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में रंगोली बनाने गई थीं। इस दौरान उन्होंने अपने बैग और पानी की बोतलें कक्षा में ही छोड़ दी थीं। मौका पाकर कुछ शरारती छात्रों ने बोतलों में पेशाब भर दिया। वापस लौटने पर जब छात्राओं ने पानी पीया, तो उन्हें गड़बड़ी का अहसास हुआ। रोती-बिलखती छात्राएं जब इस अमानवीय हरकत की शिकायत लेकर संस्था प्रमुख के पास पहुँचीं, तो उन्हें सांत्वना और न्याय मिलने के बजाय बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब मिला, जिससे उनकी मानसिक स्थिति पर बुरा असर पड़ा।

Guna आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला

सोमवार को हुई इस घटना की जानकारी जब छात्राओं ने अपने परिजनों को दी, तो पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार सुबह गुस्से से लाल परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर पहुँचकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। ग्रामीणों ने दोषी छात्रों के साथ-साथ गंभीर मामले में लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

प्रशासनिक अमला हरकत में, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोन एसडीएम मंजूषा खत्री ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर तहसीलदार और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को संभाला। पीड़ित छात्राओं और उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए गए हैं। एसडीएम ने बीईओ को पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के कड़े निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: दिल्ली जल बोर्ड घोटाला: पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को ACB ने किया गिरफ्तार, 5 अन्य भी हिरासत में