Delhi UniversityDelhi University
Spread the love

रिपोर्टर: अंजली गौर

Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के लॉ फैकल्टी में 17 अगस्त को एक बेहद शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है। पीएचडी इंटरव्यू की पुरानी रंजिश को लेकर एक रिसर्च स्कॉलर ने लॉ फैकल्टी के प्रोफेसर अनुपम झा पर जानलेवा हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद से पूरे विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं और शिक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त है।

Delhi University क्लास जाते समय हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पीड़ित प्रोफेसर अनुपम झा ने बताया कि जब वे अपनी नियमित कक्षा लेने जा रहे थे, तभी इमारत के बाहर पहले से घात लगाए खड़े आरोपी छात्र ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने उनके साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट हुआ है कि छात्र प्रोफेसर का इंतजार कर रहा था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लगभग डेढ़ साल पहले हुए पीएचडी इंटरव्यू में पूछे गए सवालों को लेकर नाराजगी रखे हुए था।

Delhi University आरोपी छात्र निलंबित, एफआईआर दर्ज

घटना की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर के निर्देश पर आरोपी रिसर्च स्कॉलर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस स्टेशन में छात्र के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।

शिक्षकों की सुरक्षा पर उठे सवाल, डीटीएफ ने खोला मोर्चा

डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (DTF) और अन्य शिक्षक संगठनों ने इस हिंसक घटना की तीव्र शब्दों में निंदा की है। शिक्षकों का कहना है कि महज निलंबन जैसी कार्रवाई काफी नहीं है, बल्कि आरोपी पर कठोर कानूनी दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। शिक्षक प्रतिनिधियों ने ध्यान दिलाया कि पिछले वर्ष भी अंबेडकर कॉलेज में एक शिक्षक के साथ मारपीट की घटना हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने कैंपस में अध्यापकों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है, जिसको लेकर शिक्षकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

ये भी पढ़े: लखनऊ में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर उग्र हमला: दरोगा का गला दबाने का प्रयास, पथराव के बाद 6 गिरफ्तार