रिपोर्टर: नितिन गुप्ता
Mathura : चित्रगुप्त पीठ में साधु-संतों के एक सम्मेलन में श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर निर्माण और मुक्ति के संकल्प को दोहराते हुए आगामी 6 दिसंबर को ‘कार सेवा’ करने की घोषणा की गई है। संत समाज का दावा है कि इस कार सेवा में देशभर से बड़ी संख्या में साधु-संत और राम-कृष्ण भक्त मथुरा जुटेंगे।

Mathura वक्फ एक्ट समाप्त करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
चित्रगुप्त पीठ में आयोजित बैठक के दौरान संतों ने वक्फ एक्ट को पूरी तरह समाप्त करने की मांग उठाई। इसके साथ ही, श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े अदालती मुकदमों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की अपील की गई। संतों ने अदालत से मांग की है कि मामलों की प्रतिदिन (डे-टू-डे) सुनवाई हो ताकि लंबे समय से चले आ रहे विवाद का कानूनी समाधान जल्द से जल्द निकल सके।

Mathura 6 दिसंबर की कार सेवा को लेकर तैयारियां तेज
कार सेवा के ऐलान के बाद संत समाज ने देशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत विभिन्न राज्यों से संतों और सनातन धर्म प्रेमियों को मथुरा पहुँचने का आह्वान किया जाएगा। संतों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करेंगे।
जिला प्रशासन सख्त: नई धार्मिक परंपराओं और कार सेवा पर रोक
दूसरी ओर, सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए मथुरा जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सिटी एसपी राजीव कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने या गैर-कानूनी तरीके से एकत्र होने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। प्रशासन ने कार सेवा का आह्वान करने वाले आयोजकों और संगठनों को अदालती आदेशों से अवगत करा दिया है तथा किसी भी अनधिकृत कार्यक्रम को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़े: सुपौल: बीना पंचायत में भीषण चोरी, नवविवाहिता के 5 लाख के जेवर लेकर चंपत हुए चोर

