रिपोर्टर: राजीव कुमार
Pune : महाराष्ट्र के पुणे स्थित हिंजवड़ी इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एकतरफा प्यार और रंजिश में सिरफिरे आशिक ने खौफनाक कदम उठाया। आरोपी ने अपनी पूर्व परिचित युवती के नए प्रेमी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जानलेवा हमले में युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिंजवड़ी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Pune स्कूल के दिनों की पहचान और लव ट्रायंगल का उलझाव
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी दिनेश महादेव झांबरे और पीड़ित युवती स्कूल के समय से ही एक-दूसरे से परिचित थे। दोनों उच्च शिक्षा (BCA) के लिए पुणे आए थे। इस दौरान युवती की नजदीकियां हिंजवड़ी के एक पीजी में बतौर मैनेजर कार्यरत सागर गायकवाड़ से बढ़ गईं। आरोपी दिनेश को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और इसी रंजिश तथा एकतरफा सनक के चलते उसने इस वीभत्स हत्याकांड की साजिश रची।
Pune पीजी परिसर में वारदात, लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला
घटना वाले दिन आरोपी दिनेश सागर से मिलने के बहाने सात मंजिला पीजी इमारत में दाखिल हुआ। वह सीधे तीसरी मंजिल स्थित कमरा नंबर 310 में पहुंचा, जहां सागर और युवती मौजूद थे। कमरे में पहुंचते ही आरोपी ने अपने साथ लाई लोहे की रॉड से सागर पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। बीच-बचाव करने आई युवती पर भी आरोपी ने वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अत्यधिक खून बहने के कारण सागर गायकवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से खुलासा, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम दे चुका था। यह पूरी खौफनाक घटना पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दिनेश झांबरे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
ये भी पढ़े: हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर: 142 लोगों की मौत और 797 करोड़ का नुकसान, 11 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

