MungerMunger
Spread the love

रिपोर्टर: अतहर खान

Munger : बिहार के मुंगेर जिले में मुंगेर प्रशासन ने जमालपुर के महादलित परिवारों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। झुग्गी-झोपड़ियों और अस्थायी घरों में जीवन यापन कर रहे इन परिवारों के स्थायी पुनर्वास के लिए आशिकपुर स्लम बस्ती में बहुमंजिला आवास परिसर (Multi-storey Housing Complex) बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और जमालपुर के विधायक नचिकेता मंडल ने संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

Munger आशिकपुर स्लम बस्ती का निरीक्षण और स्थिति का आकलन

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय महादलित परिवारों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं व जरूरतों को समझा। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक आवास मुहैया कराना है। इस दौरान विधायक और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने प्रस्तावित जमीन की भौगोलिक स्थिति और निर्माण से जुड़ी संभावनाओं की समीक्षा की।

Munger अतिक्रमण मुक्त होगी सरकारी जमीन, जल्द बनेगी डीपीआर

जिलाधिकारी ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि आशिकपुर में चिन्हित सरकारी भूमि को नियमानुसार जल्द से जल्द अतिक्रमणमुक्त कराया जाए। साथ ही बहुमंजिला आवास निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तेजी से तैयार कर स्वीकृति हेतु नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजने का आदेश दिया गया है, ताकि बजट मंजूरी के बाद निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू हो सके।

पारदर्शिता से होगा आवंटन, बस्तियों की बदलेगी तस्वीर

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र के पात्र महादलित परिवारों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत मकान आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए पहले से तैयार सर्वे सूची को आधार बनाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस बहुमंजिला आवास योजना के लागू होने से वर्षों से कच्चे और असुरक्षित आशियानों में रह रहे सैंकड़ों परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा और उन्हें बुनियादी सुविधाओं से युक्त एक नया मुकाम मिलेगा।

ये भी पढ़े: छात्र नेता की महंगी जीवनशैली पर उठे सवाल: 12 लाख रुपये किराए की कोठी में रहते हैं सौरभ दास, जांच में जुटीं एजेंसियां