रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : जिले के नगर क्षेत्र स्थित बड़ी दरगाह निवासी मोहम्मद शमशाद के 10 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अतीफ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालक का शव मटोखर दह तालाब से बरामद किया गया है। मासूम के शरीर पर चोट के गंभीर निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या कर शव को पानी में फेंकने का आरोप लगाया है।
Sheikhpura उर्स मेले से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुआ था बालक
घटना की शुरुआत 30 जुलाई को हुई, जब अतीफ अपने परिवार के सदस्यों के साथ मटोखर दरगाह में आयोजित वार्षिक उर्स मेला देखने गया था। मेले की चहल-पहल के बीच वह अचानक लापता हो गया। परिजनों, स्थानीय लोगों और दरगाह कमेटी ने बालक को ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका था।
तालाब में तैरता मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
खोजबीन के बीच 31 जुलाई को मटोखर दह तालाब में बालक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। जब शव को बाहर निकाला गया, तो उसके शरीर पर चोट के कई निशान देखकर हर कोई सन्न रह गया। परिजनों ने साफ तौर पर साक्ष्य छिपाने की नीयत से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, हर पहलू खंगाला जा रहा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने पंचनामा भरते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।
ये भी पढ़े: जुगसलाई के ऋषि भवन में तीन दिवसीय राखी मेले का भव्य आगाज, महिलाओं की आत्मनिर्भरता को मिला मंच

