PratapgarhPratapgarh
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Pratapgarh Police Encounter : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर अपने ही जीजा की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया है। इस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Pratapgarh Police Encounter गजराही पुलिया के पास हुई पुलिस मुठभेड़

यह पूरी कार्रवाई जेठवारा थाना पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम के संयुक्त अभियान के दौरान हुई। पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि जीजा की हत्या के फरार आरोपी इलाके से भागने की फिराक में हैं। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए टीम ने गजराही पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी आत्मरक्षार्थ फायरिंग में चंदेश उर्फ पिंटू वर्मा के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया, जबकि घेराबंदी कर उसके दूसरे इनामी साथी तेज बहादुर उर्फ तेजे को भी सुरक्षित दबोच लिया गया।

Pratapgarh Police Encounter अंतरजातीय विवाह से नाराज था मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दो दिन पहले मृतक राजू सिंह की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की वजह अंतरजातीय विवाह (Inter-caste Marriage) थी। राजू सिंह ने आरोपी की बहन से शादी की थी, जिससे उसका साला चंदेश बेहद नाराज चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही जेल भेज चुकी थी, और अब इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद कुल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

Pratapgarh Police Encounter अवैध हथियार और बाइक बरामद

पकड़े गए अपराधियों के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश का जिला अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है और क्षेत्र में कानून का राज स्थापित रखने के लिए ऐसे कठोर कदम आगे भी जारी रहेंगे।

ये भी पढ़े: Delhi Power Companies CAG Audit: खुलेगा ₹38,000 करोड़ के भारी-भरकम बकाए का राज!