रिपोर्टर: संदीप राजावत
Pappu Yadav Gwalior Press Conference : पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव एक दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए पप्पू यादव ने देश और राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने भरत तिवारी मामले से लेकर पेपर लीक और कोचिंग माफियाओं तक के मुद्दे पर केंद्र व राज्य सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।
Pappu Yadav Gwalior Press Conference ‘भरत तिवारी के परिवार के साथ अन्याय हुआ, दी 5 लाख की मदद’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद पप्पू यादव ने भरत तिवारी के मामले का पुरजोर तरीके से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी के साथ जो हुआ, वह पूरी तरह गलत और अमानवीय है।
- आर्थिक सहायता: पप्पू यादव ने बताया कि उन्होंने पीड़ित तिवारी परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद पहुंचाई है।
- सरकार पर हमला: उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार भरत तिवारी जैसे होनहार युवाओं के साथ ‘मॉब लिंचिंग’ (भीड़ द्वारा हिंसा) करवाकर खून की होली खेल रही है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि सरकार को इस अन्याय का जवाब देना होगा और अब उसे सत्ता से बाहर जाना होगा। कांग्रेस और उनका पूरा गठबंधन इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
Pappu Yadav Gwalior Press Conference ‘पेपर लीक और कोचिंग माफिया बच्चों को आत्महत्या के लिए कर रहे मजबूर’
कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि यह कोई चुनावी या राजनैतिक स्टंट नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश के युवाओं के भविष्य को बचाने का संकल्प लिया है।
“आज देश का युवा पेपर लीक और भर्ती घोटालों से टूट चुका है। छात्र हताश होकर आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हैं, जिसके कारण देश के सभी वर्गों के युवाओं में भारी आक्रोश है।” – पप्पू यादव, सांसद
उन्होंने कोचिंग इंडस्ट्री पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कोचिंग माफियाओं ने हजारों करोड़ रुपये के दम पर पूरी शिक्षा व्यवस्था को अपनी जागीर बना लिया है। उन्होंने मांग की कि जब तक इस रैकेट के मुख्य जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और देश के शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक युवाओं का यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
Pappu Yadav Gwalior Press Conference UCC के सवाल पर बोले- हमारी प्राथमिकता बच्चों का भविष्य और रोजगार है
जब मीडियाकर्मियों ने उनसे समान नागरिक संहिता (UCC) कानून को लेकर देश में बढ़ रही मांग पर सवाल पूछा, तो पप्पू यादव ने उसे सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आज देश का सबसे बड़ा मुद्दा युवाओं का रोजगार और उनका भविष्य है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने युवाओं के रोजगार को पूरी तरह खत्म कर दिया है। आज हमारी लड़ाई यूसीसी पर नहीं, बल्कि देश के उन बच्चों के लिए है जिन्हें व्यवस्था ने हाशिए पर धकेल दिया है।

