रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara Azad Chowk Incident : झारखंड के जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र से सरेराह गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ आजाद चौक के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक युवक की कार रुकवाई, उसके साथ मारपीट की और वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Jamtara Azad Chowk Incident ससुराल जाने के दौरान बदमाशों ने घेरा
पीड़ित की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के कठडाबर गांव निवासी जहिर अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब आठ बजे जहिर अपने ससुर की चारपहिया गाड़ी (कार) लेकर कुरुआ स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वे करमाटांड़ के आजाद चौक के समीप पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने आगे आकर उनकी कार को जबरन रुकवा लिया।
Jamtara Azad Chowk Incident पिस्टल दिखाकर की मारपीट और तोड़फोड़
जहिर अंसारी के अनुसार, कार रुकते ही चारों बदमाशों ने उन्हें पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया और गाड़ी से खींचकर मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, अपराधियों ने कार के शीशों पर वार कर उन्हें पूरी तरह चकनाचूर कर दिया, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
Jamtara Azad Chowk Incident हेलमेट पहनने के कारण पहचान मुश्किल, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ के प्रभारी थाना प्रभारी विकास तिवारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) वसीम राजा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर कांड संख्या 46/2026 दर्ज कर ली है।
- पहचान की चुनौती: पीड़ित ने बताया कि सभी हमलावर हेलमेट पहने हुए थे, जिसके कारण मौके पर उनकी पहचान नहीं हो सकी।
- पुलिसिया कार्रवाई: पुलिस घटनास्थल के आस-पास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों को जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़े: Katihar Revenue Employee Suspended: वायरल वीडियो के बाद राजस्व कर्मचारी सस्पेंड, DM ने दिए जांच के आदेश

