रिपोर्टर: मनोज कुमार
Katihar : बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद भावुक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पिता ने अपनी जीवित बेटी से सारे रिश्ते हमेशा के लिए खत्म करते हुए उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। यह अजीबो-गरीब घटना कोढ़ा प्रखंड के खुदना गांव की है। दरअसल, बेटी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद पुलिस स्टेशन में जो कुछ भी हुआ, उसने माता-पिता के आत्मसम्मान को इतनी गहरी ठेस पहुँचाई कि उन्होंने जीते जी अपनी संतान को मृत मानकर उसका दाह संस्कार कर दिया।
Katihar थाने की चौखट पर टूटी ममता: “मैं इन्हें नहीं जानती”
पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब युवती कुछ दिन पहले अचानक अपने घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो लाचार परिजनों ने रौतारा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लड़की को बरामद कर लिया और उसके माता-पिता को थाने बुलाया। लेकिन वहां जो दृश्य सामने आया, उसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी। युवती ने थाने में सबके सामने अपने ही जन्म देने वाले माता-पिता और परिवार को पहचानने से साफ मना कर दिया और प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई।
Katihar कुश का पुतला बनाकर निकाली गई शवयात्रा
बेटी के इस बर्ताव से माता-पिता और समाज के लोग गहरे सदमे में आ गए। लोक-लाज और अंदरूनी पीड़ा से टूटे पिता ने भारी मन से समाज के सामने घोषणा की कि आज से उनकी बेटी उनके लिए मर चुकी है। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार, बेटी के नाम से ‘कुश’ (एक पवित्र घास) का एक प्रतीकात्मक पुतला तैयार किया गया। उसे बकायदा अर्थी पर लिटाया गया और पूरे गाजे-बाजे के साथ गांव की गलियों से उसकी अंतिम शवयात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

Katihar श्मशान घाट पर विधि-विधान से दी मुखाग्नि
यह अनोखी और मर्मस्पर्शी शवयात्रा जब श्मशान घाट पहुँची, तो वहाँ मौजूद पंडित ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कराई। इसके बाद आहत माता-पिता ने भारी मन से उस पुतले को मुखाग्नि दी। ग्रामीणों का कहना है कि बेटी के इस कदम ने परिवार को समाज में कहीं का नहीं छोड़ा था, जिससे मजबूर होकर पिता को यह कठोर और ऐतिहासिक कदम उठाना पड़ा। इस घटना की चर्चा अब पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई है।

ये भी पढ़े: Jamtara में बेटियों का दमखम: गांधी मैदान में 20वीं जूनियर राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शानदार आगाज

