रिपोर्टर: मनोज कुमार
Katihar : बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी में एएनएम कॉलेज की छात्राओं ने एक शिक्षिका के कथित अनुचित व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी मांगों को लेकर छात्राओं ने न केवल कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया, बल्कि मुख्य सड़क को जाम कर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया।
Katihar मुख्य मार्ग पर घंटों लगा रहा जाम, आवाजाही हुई प्रभावित
छात्राओं ने मनिहारी-कटिहार मुख्य सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया, जो देर रात तक जारी रहा। सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्राओं का आक्रोश इस कदर था कि वे शिक्षिका के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ी रहीं।
Katihar शिक्षिका पर मानसिक उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार का आरोप
प्रदर्शनकारी छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज की शिक्षिका कीर्तिमान मनीषी का व्यवहार उनके प्रति अत्यंत अमर्यादित और दमनकारी है। छात्राओं ने बताया कि शिक्षिका के रवैये के कारण वे लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जब तक शिक्षिका पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
Katihar SDM का आश्वासन: निष्पक्ष जांच के बाद हटी नाकेबंदी
घटना की गंभीरता को देखते हुए मनिहारी एसडीएम त्रिलोकीनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्राओं से संवाद कर उनकी शिकायतों को सुना और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद कि यदि आरोप सही पाए गए तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, छात्राओं ने कई घंटों बाद जाम समाप्त किया। फिलहाल स्थिति सामान्य है और पुलिस बल एहतियातन कॉलेज परिसर के आसपास मुस्तैद है।
ये भी पढ़े: Bhopal: खरीफ फसलों के MSP में ऐतिहासिक वृद्धि, मध्य प्रदेश के किसानों के लिए समृद्धि के नए द्वार

