MungerMunger
Spread the love

रिपोर्टर: अतहर खान

Munger : बिहार के मुंगेर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। असरगंज नगर पंचायत स्थित रामानंद परसीराम उच्च माध्यमिक विद्यालय, जलालाबाद में शराब पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। इस घटना ने न केवल स्कूल की मर्यादा को ठेस पहुँचाई है, बल्कि राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी के दावों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Munger क्लासरूम में शराब पार्टी, नाइट गार्ड की मौजूदगी ने चौंकाया

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल के क्लासरूम के अंदर डेस्क-बेंच पर शराब की बोतलें रखी हुई हैं और चार युवक बड़े इत्मीनान से शराब का सेवन कर रहे हैं। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी पार्टी में विद्यालय का नाइट गार्ड दिलीप भी मौजूद है। जिस गार्ड पर स्कूल की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी की मौजूदगी में क्लासरूम के भीतर नशे का यह खेल चल रहा था।

Munger प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

शिक्षण संस्थान में इस तरह की अनैतिक गतिविधि सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब विद्यालय परिसर ही सुरक्षित नहीं है, तो वहां पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य और चरित्र पर इसका क्या असर पड़ेगा? बिहार में शराबबंदी के बावजूद स्कूल के भीतर खुलेआम शराब पीना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। स्थानीय लोगों ने अब इस मामले में दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।

Munger शिक्षा विभाग की कार्रवाई: जांच रिपोर्ट के बाद दर्ज होगा केस

वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कुमार गौरव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) को जांच के आदेश दिए हैं। डीईओ के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और यदि मामला सही पाया गया, तो नाइट गार्ड सहित सभी दोषियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: Strait of Hormuz: होर्मुज जलडमरूमध्य संकट, ट्रंप-जिनपिंग वार्ता पर ईरान की टिकी निगाहें, समाधान की उम्मीद