रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : झारखंड के जामताड़ा जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी गेमिंग ऐप्स और बैंक केवाईसी (KYC) अपडेट के नाम पर देश भर के लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। बुधवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड क्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह ने इस पूरी कार्रवाई का विवरण साझा किया।
Jamtara छापेमारी और आरोपियों की पहचान
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक मोहम्मद फारूक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की:
- फतेहपुर थाना क्षेत्र: यहाँ बनगढ़ी गांव में गुलाम मोहम्मद (30 वर्ष) को उसके घर से दबोचा गया।
- करमाटाँड़ थाना क्षेत्र: यहाँ डुमरियाँ गांव के समीप पलाश झूड़ के पास से मोहम्मद मकबूल अंसारी (31 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन और 9 सक्रिय सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका उपयोग ठगी के लिए किया जा रहा था।
Jamtara ठगी का नया तरीका: गेमिंग ऐप और APK फाइल
पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों के काम करने के तरीके (Modus Operandi) का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है:
- गेमिंग ऐप फ्रॉड: आरोपी गेमिंग ऐप के यूजर्स को कॉल कर झांसे में लेते थे और उनसे कूपन रिचार्ज करवाते थे। बाद में इन कूपन का इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग के लिए किया जाता था।
- KYC और फेक ऐप्स: ये अपराधी जियो (Jio) कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे। केवाईसी अपडेट करने के बहाने वे ग्राहकों से फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाते थे, जिससे उनके मोबाइल का कंट्रोल हासिल कर बैंक खातों से पैसे उड़ा लिए जाते थे।
Jamtara कानूनी कार्रवाई और पुलिस टीम
जामताड़ा साइबर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कांड संख्या 25/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क भारत के कई राज्यों में फैला हुआ था।
इस सफल ऑपरेशन में पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता, हवलदार बाबूराम मुर्मू, सुनील कुमार दास सहित आईआरबी (IRB) के जवान और महिला आरक्षी शामिल थे।
ये भी पढ़े: Bokaro: सिटी सेंटर में चेन स्नेचिंग की कोशिश विफल, भागते समय गिरा बदमाश; लोगों ने की धुनाई

