प्रयागराज | उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। एक 23 साल के युवक ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका को पहले घर से भगाया और फिर उसी दिन बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने गला घोंटने के साथ-साथ चाकू से भी कई वार किए। पुलिस ने आरोपी अस्मित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी निशानदेही पर नहर किनारे झाड़ियों से किशोरी का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, फिर शुरू हुआ ‘डेथ प्लान’
- सोशल मीडिया से शुरुआत: जमुनीपुर गांव की रहने वाली नाबालिग की दोस्ती बहरिया के अस्मित वर्मा (23) से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ी तो दोनों में प्रेम संबंध हो गए।
- शादी का दबाव: लड़की लगातार शादी के लिए कह रही थी, लेकिन अस्मित इसके लिए तैयार नहीं था। पीछा छुड़ाने के लिए उसने लड़की को घर से भागने के लिए राजी किया।
- लालच और कत्ल: 20 अप्रैल की रात लड़की गहने और पैसे लेकर अस्मित के साथ निकली। अस्मित उसे शारदा सहायक नहर के पास ले गया और वहां चाकू से वार करने के बाद दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी जान ले ली।
परिजनों ने दर्ज कराया था अपहरण का केस
किशोरी के लापता होने के बाद उसकी मां ने सरायइनायत थाने में अस्मित के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने और अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश में जुटी थी। गुरुवार को जब पुलिस ने सटीक सूचना पर अस्मित को हिरासत में लिया, तो पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
शारदा नहर के पास मिला सड़ा-गला शव
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस जब उसे लेकर मौके पर पहुँची, तो वहाँ किशोरी का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
