रिपोर्टर: अरविन्द सिंह
Gwalior : शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गोपाल नगर गदाईपुरा इलाके में पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सरेराह फायरिंग कर दी। दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई इस वारदात का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Gwalior एक्टिवा सवार बदमाशों ने घर पर दागी गोलियां, CCTV में कैद हुई वारदात
पीड़ित राहुल पटेल के अनुसार, यह पूरी घटना पुराने पैसों के विवाद के चलते हुई। स्कूटी पर सवार होकर आए बदमाश हर्षवर्धन कोरी उर्फ चीकू और सूरज गुर्जर ने उनके घर के बाहर पहुँचकर अवैध कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की यह करतूत साफ नजर आ रही है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
Gwalior सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकी: “तू मरेगा मेरे हाथों से, रात में फिर आएंगे”
हैरानी की बात यह है कि पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के मन में कानून का कोई खौफ नहीं दिखा। मुख्य आरोपी हर्षवर्धन कोरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर पीड़ित को खुलेआम धमकी दी। आरोपी ने लिखा— “तू मरेगा मेरे हाथों से, याद रखियो, रात में फिर आएंगे।” इस धमकी भरे पोस्ट के बाद से पीड़ित राहुल पटेल और उनका पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।
Gwalior पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए हजीरा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर दी गई धमकी को साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
ये भी पढ़े: Nawada: कार की पेट्रोल टंकी में बना रखा था ‘स्प्रिट का तहखाना’, उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

