रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Mahasamund LPG Scam : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा में रखे गए जब्त एलपीजी (LPG) कैप्सूल टैंकरों से करोड़ों रुपये की गैस रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई है। वाहन मालिक ने इसे एक सोची-समझी साजिश और “अधिकारी-माफिया मिलीभगत” का नाम देते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
Mahasamund LPG Scam रंगे हाथों पकड़ी गई थी रिफिलिंग: 6 टैंकरों की जब्ती से शुरू हुआ विवाद
मामले की शुरुआत 23 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब सरायपाली एसडीएम और खाद्य विभाग की टीम ने एनएच-53 पर स्थित एक फार्महाउस पर छापा मारा था। टीम वहां अवैध धान परिवहन की जांच करने गई थी, लेकिन वहां 6 एलपीजी कैप्सूल टैंकरों से अवैध तरीके से सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी। प्रशासनिक टीम को देखते ही आरोपी फरार हो गए, जिसके बाद टैंकरों और रिफिलिंग उपकरणों को जब्त कर सिंघोडा थाने की सुपुर्दगी में दे दिया गया। अगले दिन आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला भी दर्ज किया गया।
Mahasamund LPG Scam सुपुर्दगी के वक्त खुला राज: पुलिस कस्टडी में ‘हवा’ हुए टैंकर
इस घोटाले का खुलासा तब हुआ जब उच्च न्यायालय के आदेश पर भिलाई निवासी वाहन मालिक 17 अप्रैल को अपने टैंकर वापस लेने ठाकुर पेट्रोकेमिकल कंपनी (अभनपुर) पहुंचा। यह टैंकर प्रशासन की अनुमति और खाद्य विभाग की मौजूदगी में वहां रखे गए थे। जब टैंकरों की जांच की गई, तो वे पूरी तरह खाली पाए गए। वाहन मालिक का आरोप है कि जब्ती के समय टैंकरों में भारी मात्रा में गैस मौजूद थी, जिसकी कीमत करोड़ों में है। पुलिस और विभाग की सुरक्षा में रहते हुए गैस का गायब होना किसी बड़े सिंडिकेट की ओर इशारा कर रहा है।
Mahasamund LPG Scam मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत: तीन सदस्यीय टीम करेगी घोटाले की जांच
वाहन मालिक ने इस मामले की लिखित शिकायत कलेक्टर से लेकर मुख्यमंत्री तक की है। शिकायत में सीधे तौर पर अधिकारियों की संलिप्तता और साक्ष्य मिटाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला तूल पकड़ता देख जिला प्रशासन ने आनन-फानन में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। अपर कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल, यह सवाल हवा में तैर रहा है कि पुलिस और खाद्य विभाग की नाक के नीचे से इतनी बड़ी मात्रा में गैस चोरी कैसे संभव हुई?
Also Read This: Weather Update: दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश से गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया अलर्ट

