रिपोर्टर: प्रभात कुमार
Godda : जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। घोरीचक-बोआरीजोर मुख्य मार्ग पर गोरन्टीया के समीप एक अज्ञात पिकअप वाहन ने भीषण टक्कर मार दी, जिसमें एक 28 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक टेंपू चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी स्थिति नाजुक देखते हुए उसे उच्च संस्थान रेफर किया गया है।
Godda अनियंत्रित रफ्तार ने ली मासूम जान, चालक घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोआरीजोर थाना क्षेत्र के गोरन्टीया की निवासी खुश्बू हेंब्रम (28 वर्ष) सड़क के समीप थी, तभी तेज गति से आ रही एक अज्ञात पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खुश्बू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इसी दुर्घटना की चपेट में मेहरमा थाना क्षेत्र के दोगाछी निवासी टेंपू चालक मो. जमाल भी आ गए।
जमाल का पैर बुरी तरह टूट गया है और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजकुमार शील ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोड्डा जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
Godda आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद गोरन्टीया के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मुआवजे और अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे।
Godda पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी ने परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने और दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात पिकअप वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
Also Read This: Smartphone Side Effects: साइलेंट किलर बनता जा रहा ज्यादा स्क्रीन टाइम, जानें शरीर पर असर

