रिपोर्टर: मो. अतहर खान
Munger : पुलिस और एसटीएफ (STF) ने अवैध हथियार निर्माण के सिंडिकेट को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है। मुफ़सिल थाना क्षेत्र के दुर्गम दियारा इलाके का फायदा उठाकर संचालित की जा रही एक मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियारों के साथ निर्माण उपकरण बरामद किए गए हैं।
Munger झाड़ियों की आड़ में चल रहा था मौत का सामान बनाने का खेल
मुंगेर का मुफ़सिल थाना क्षेत्र लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण के लिए पुलिस की रडार पर रहा है। ताजा मामले में, पुलिस और एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि तौफीर हीरा राही बहियार के निर्जन इलाके में झाड़ियों और ऊबड़-खाबड़ जमीन की आड़ में मिनी गन फैक्ट्री चलाई जा रही है। सूचना के आधार पर जब संयुक्त टीम ने छापेमारी की, तो वहां अवैध हथियारों का बड़े पैमाने पर निर्माण होता पाया गया।
Munger छापेमारी में हथियार निर्माता गिरफ्तार, भारी मात्रा में उपकरण बरामद
पुलिस ने मौके से हथियार बनाते हुए एक मुख्य निर्माता को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफ़सिल थाना क्षेत्र निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही उसका एक अन्य साथी भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है। बरामदगी की सूची निम्नलिखित है:
- 01 बेस मशीन (हथियार बनाने का मुख्य ढांचा)
- 01 पूर्ण निर्मित देशी पिस्टल
- 02 अर्धनिर्मित पिस्टल
- भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित मैगजीन
- हथियार बनाने के अन्य कई छोटे-बड़े उपकरण
Munger “पहाड़ हो या दियारा, पुलिस की पहुंच से दूर नहीं अपराधी” – एसडीपीओ
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि मुंगेर पुलिस जिले से अवैध हथियार निर्माण को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों ने अब रिहायशी इलाकों को छोड़ दियारा और पहाड़ों की शरण ली है, लेकिन पुलिस का खुफिया तंत्र हर जगह सक्रिय है। एसडीपीओ ने कहा, “हमारी मुहिम तब तक जारी रहेगी जब तक यह अवैध कारोबार पूरी तरह बंद नहीं हो जाता। मुंगेर पुलिस की पहुंच अब हर उस दुर्गम इलाके तक है जहां अपराधी छिपने की कोशिश कर रहे हैं।”
Also Read This: Rohtas में दरिंदगी की पराकाष्ठा: क्षत-विक्षत अवस्था में मिला महिला का शव, क्षेत्र में भारी आक्रोश

