ChasChas
Spread the love

Report by: Sanjeev Kumar

Chas : बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र अंतर्गत राणा प्रताप नगर में दीवार निर्माण को लेकर दो पड़ोसियों के बीच उपजा विवाद हिंसक मोड़ ले लिया। विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा अवैध हथियार का प्रदर्शन कर दूसरे परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

10 इंची दीवार को लेकर शुरू हुई तकरार

Chas मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को राणा प्रताप नगर में दो परिवारों के बीच महज 10 इंची दीवार के निर्माण को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी हंगामे के बीच आरोपी आशुतोष राणा ने आपा खो दिया और घर से अवैध हथियार निकाल लाया। आरोप है कि उसने खुलेआम हथियार लहराते हुए पड़ोसी सूरज राणा को जान से मारने की धमकी दी और दहशत फैलाने का प्रयास किया।

सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Chas घटना की सूचना मिलते ही चास थाना की पेट्रोलिंग पार्टी तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की छानबीन शुरू की। इस दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की जांच की, जिसमें आशुतोष राणा द्वारा हथियार लहराने की पूरी वारदात साफ तौर पर कैद मिली। साक्ष्य सामने आते ही पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद, भेजा गया जेल

Chas मामले का खुलासा करते हुए चास एसडीपीओ (SDPO) प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आशुतोष राणा के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। अवैध हथियार रखने और जान से मारने की धमकी देने के जुर्म में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।

Also Read This: India Weather Update: देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले सप्ताह तापमान में गिरावट, उत्तर-पश्चिम में ओलावृष्टि के आसार