By: Yogendra Singh
Bhopal : क्लाइमेट पार्लियामेंट (नेटवर्क मध्यप्रदेश) की राउंड टेबल बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य में स्वच्छ और सतत ऊर्जा को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री शुक्ला ने कहा कि क्लाइमेट पार्लियामेंट द्वारा विधानसभा स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की पहल सराहनीय है और इससे भविष्य में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि सामूहिक प्रयासों से राज्य ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

ग्रीन एनर्जी जोन की अवधारणा पर जोर
स्थानीय स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा समाधान लागू करने की पहल
Bhopal बैठक में क्लाइमेट पार्लियामेंट (नेटवर्क मध्यप्रदेश) के संयोजक और विधायक ने संगठन के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य और देश के जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने के लिए ‘सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन’ की अवधारणा विकसित की गई है। इसका उद्देश्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकेंद्रीकृत और समुदाय आधारित ऊर्जा मॉडल को लागू करना है।
इस पहल के माध्यम से स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ, रोजगार के अवसर और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, क्षेत्रों को हरित, आत्मनिर्भर और जलवायु के अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा भी मजबूत होगी।

प्रदेश में स्थापित की गईं विश्वस्तरीय परियोजनाएं
रीवा, मुरैना, नीमच और ओंकारेश्वर में उल्लेखनीय कार्य
Bhopal बैठक में अपर मुख्य सचिव, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, श्री मनु श्रीवास्तव ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश इस क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और सरकार लगातार नई परियोजनाओं को प्रोत्साहित कर रही है।
ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि किसानों और आम उपभोक्ताओं की ऊर्जा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रीवा, मुरैना, नीमच और ओंकारेश्वर जैसे स्थानों पर विश्वस्तरीय सौर एवं अन्य नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की गई हैं, जो राज्य की ऊर्जा क्षमता को मजबूत बना रही हैं।

जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों की सक्रिय सहभागिता
Bhopal कार्यक्रम में विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, श्री योगेश पंडाग्रे, श्री नीरज ठाकुर, श्री चंद्रशेखर देशमुख, श्री दिनेश जैन बोस, डॉ. हीरालाल अलावा, श्री कामाख्या प्रताप सिंह और श्री गंगा सज्जन सिंह उइके सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान ऊर्जा विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए और नवीकरणीय ऊर्जा को व्यापक स्तर पर अपनाने के लिए ठोस सुझाव दिए। सभी वक्ताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि सामूहिक प्रयासों से मध्यप्रदेश को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
Also Read This: Horoscope: 28.02.2026, गोविंद द्वादशी पर जानें कैसा रहेगा आपका दिन, किन राशियों के लिए शुभ तो किन्हें बरतनी होगी सावधानी

