Retired IAS Rakesh Agarwal Murder:भोपाल के बहुचर्चित रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के करीब एक महीने बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी और मृतक के केयरटेकर को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद भोपाल लाते वक्त आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
केयरटेकर वरुण कुमार आगरा से गिरफ्तार
Retired IAS Rakesh Agarwal Murder:करीब एक महीने पहले भोपाल में हुए इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में फरार चल रहे आरोपी और मृतक के केयरटेकर वरुण कुमार को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे भोपाल लेकर लौट रही थी।
पुलिस एनकाउंटर और भागने की कोशिश
Retired IAS Rakesh Agarwal Murder:मंगलवार सुबह करीब 5 बजे, जब पुलिस टीम आरोपी को लेकर मुगलिया छाप के पास पहुंची, तो उसने मौका पाकर पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी की और हिरासत से भागने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, जब आरोपी चेतावनी देने के बावजूद नहीं रुका और भागने लगा, तो आत्मरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्या था पूरा मामला और कैसे हुई थी हत्या?
Retired IAS Rakesh Agarwal Murder:यह सनसनीखेज वारदात 30 सितंबर की है, जब 70 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके ही घर में गला रेतकर निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। जिस समय यह घटना घटी, उनकी पत्नी घर के दूसरे कमरे में सो रही थीं।
घटना के बाद से ही घर का नौकर और केयरटेकर फरार था, जिसे महज दो दिन पहले ही काम पर रखा गया था। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस ने राज्यभर में सनसनी फैला दी थी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। पुलिस तभी से लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी और अब जाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

