Chandrayaan-4 : इसरो ने अपने आगामी चंद्रयान-4 मिशन के लिए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास स्थित मॉन्स माउटन (MM-4) पर्वत को लैंडिंग साइट के रूप में चुना है। यह पर्वत लगभग 6,000 मीटर ऊंचा है और इसकी चोटी काफी हद तक सपाट है, जो सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी है। अध्ययन में पाया गया कि इस क्षेत्र की ढलान औसतन 5 डिग्री है, जबकि लैंडर 10 डिग्री तक के ढलान पर सुरक्षित उतर सकता है। क्षेत्र में बड़े पत्थरों की संख्या कम है और अधिकांश बोल्डर 0.3 मीटर से छोटे हैं, जिससे लैंडिंग के जोखिम कम हो जाते हैं।
सूर्य की रोशनी और वॉटर आइस की संभावना
Chandrayaan-4 वैज्ञानिकों ने इस क्षेत्र को इसलिए भी चुना क्योंकि यहाँ लगातार 11–12 दिन तक सूर्य की रोशनी मिलने की संभावना है। इससे लैंडर और अन्य उपकरणों को पर्याप्त ऊर्जा मिलेगी। इसके अलावा मॉन्स माउटन में वॉटर आइस की उपस्थिति की भी संभावना जताई जा रही है, जो भविष्य के चंद्र मिशन और मानव अभियान के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
चंद्रयान-4 मिशन की रूपरेखा
Chandrayaan-4 चंद्रयान-4 का उद्देश्य चंद्रमा की मिट्टी और चट्टानों के नमूने पृथ्वी पर लाना है। मिशन की कुल लागत लगभग 2104 करोड़ रुपये है। इसके लिए दो अलग रॉकेट का उपयोग किया जाएगा: LVM-3 मुख्य मॉड्यूल ले जाएगा और PSLV सपोर्टिंग पेलोड को कक्षा में स्थापित करेगा। मिशन को दो स्टैक में बांटा गया है—स्टैक-1 में डिसेंडर और एसेंडर मॉड्यूल होंगे जो चंद्र सतह से सैंपल इकट्ठा करेंगे, जबकि स्टैक-2 में प्रोपल्शन, ट्रांसफर और री-एंट्री मॉड्यूल शामिल होंगे जो सैंपल को सुरक्षित पृथ्वी तक वापस लाएंगे।
Chandrayaan-4 OHRC कैमरे की मदद से तय हुई लैंडिंग साइट
लैंडिंग साइट की पहचान चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर हाई-रेजोल्यूशन कैमरे (OHRC) की तस्वीरों के आधार पर की गई। इस कैमरे से 32 सेंटीमीटर प्रति पिक्सल के रेजोल्यूशन में चंद्र सतह की तस्वीरें मिलती हैं, जिससे छोटे क्रेटर, पत्थर, ढलान और सतह की बनावट स्पष्ट रूप से दिखाई देती है और खतरनाक इलाकों की पहचान पहले ही की जा सकती है।
नाम और इतिहास
Chandrayaan-4 मॉन्स माउटन को पहले लीबनिट्ज बीटा के नाम से जाना जाता था। बाद में इसका नाम NASA की गणितज्ञ और कंप्यूटर प्रोग्रामर मेल्बा रॉय माउटन के सम्मान में रखा गया। यह क्षेत्र चंद्रमा के साउथ पोल पर स्थित है और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
Also Read This: Nawada: इंटरमीडिएट परीक्षा के छात्रों पर बदमाशों का हमला, मचा हड़कंप

