By: Ravindra Sikarwar
MP news: शिवपुरी जिले में माधव टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में एक बार फिर डर का माहौल बन गया है। रिजर्व से बाहर निकलकर मादा बाघिन MT-6 ग्राम सरदारपुरा के खेतों में दिखाई दी, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
खेतों में शांत लेकिन सतर्क मूवमेंट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघिन खेतों में बेहद शांत और सतर्क तरीके से घूमती नजर आई। इस दौरान एक कुत्ता उसके सामने आ गया और भौंकने लगा, लेकिन बाघिन ने उस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और आगे बढ़ती रही।
गाय का शिकार, ग्रामीणों में अफरा-तफरी
कुछ देर बाद बाघिन ने खेत में बंधी एक गाय को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और दूरी बनाकर हालात पर नजर रखने लगे।
वन विभाग अलर्ट मोड में
माधव टाइगर रिजर्व की वन विभाग टीम पूरे समय अलर्ट रही। अधिकारियों ने बताया कि बाघिन MT-6 की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके और स्थिति नियंत्रण में रहे।
ग्रामीणों की बढ़ी चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से पार्क सीमा के बाहर बाघों की आवाजाही बढ़ी है। खेतों में काम करना और रात के समय बाहर निकलना लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
