IndoreIndore
Spread the love

रिपोर्टर: अनुराग शुक्‍ला

Indore : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन अपने पहले प्रवास पर इंदौर पहुंचे हैं। उनके प्रथम आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय संगठन में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। अपने इस दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष इंदौर में ‘स्वामित्व योजना’ की नई पंजीयन प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके बाद वे उज्जैन स्थित श्री महाकाल लोक में आयोजित विशेष दीपोत्सव कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।

30 हजार परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ, स्टांप ड्यूटी से मिलेगी छूट

Indore स्वामित्व योजना की नई पंजीयन प्रक्रिया शुरू होने से इंदौर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लगभग 30 हजार हितग्राहियों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचेगा। नई व्यवस्था के तहत पात्र हितग्राहियों को अपनी संपत्ति के दस्तावेजों (प्रॉपर्टी कार्ड) के पंजीयन के लिए भारी-भरकम शुल्क नहीं देना होगा। सरकार ने इस प्रक्रिया से स्टांप ड्यूटी और पंजीयन शुल्क को पूरी तरह समाप्त कर दिया है, जिससे आम नागरिकों पर पड़ने वाला अतिरिक्त वित्तीय बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा।

एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक भव्य स्वागत की तैयारी

Indore राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा एयरपोर्ट से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक भव्य तैयारियां की गई हैं। रास्ते में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए हैं और कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रंगोली समेत कई सांस्कृतिक व संगठनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनका अभिनंदन किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, शीर्ष नेतृत्व का यह दौरा मालवा अंचल में कार्यकर्ताओं के भीतर नया जोश भरने का काम करेगा।

उज्जैन में महाकाल लोक दीपोत्सव में लेंगे भाग

Indore इंदौर के मुख्य कार्यक्रम और संगठनात्मक बैठकों का दौर समाप्त करने के बाद नितिन नवीन उज्जैन के लिए रवाना होंगे। वहां वे विश्व प्रसिद्ध ‘श्री महाकाल लोक’ परिसर में आयोजित भव्य दीपोत्सव और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेंगे। उनके इस दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे को आगामी संगठनात्मक रणनीतियों और प्रशासनिक योजनाओं के क्रियान्वयन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ये भी पढ़े: मुरैना के सरकारी स्कूल में शिक्षा व्यवस्था लाचार: 4 शिक्षकों की मौजूदगी के बाद भी गायब मिले बच्चे, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

You missed