Spread the love

लसूड़िया पुलिस की कार्रवाई, फर्जी दस्तावेजी सामग्री और नेम प्लेट जब्त

इंदौर। लसूड़िया थाना पुलिस ने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर लोगों पर प्रभाव जमाने के आरोप में हिमांशु पांचाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने घर के बाहर ‘IAS RAJ SONI – District Collector’ लिखी फर्जी नेम प्लेट लगा रखी थी।

सूचना के बाद पुलिस ने की जांच

पुलिस को जानकारी मिली थी कि हिमांशु पांचाल खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों के बीच रौब दिखा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी से उसकी पहचान व पद से संबंधित दस्तावेज मांगे।

पूछताछ के दौरान आरोपी कथित तौर पर IAS अधिकारी होने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार, पूछताछ आगे बढ़ने पर उसने फर्जी तरीके से IAS अधिकारी की पहचान इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की।

घर से फर्जी सामग्री बरामद

पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान फर्जी नेम प्लेट के अलावा ‘IAS सत्यमेव जयते’ लिखा फोटो फ्रेम और ‘कलेक्टर साहब’ लिखी अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी अधिकारी की पहचान का इस्तेमाल कब से किया और इस पहचान के जरिए उसने किसी व्यक्ति को धोखा दिया या किसी अन्य प्रकार का लाभ हासिल किया या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।