SupaulSupaul
Spread the love

रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर

Supaul : क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को दुरुस्त करने और यात्रियों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा कराने के उद्देश्य से युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे (ECR) मुख्यालय का दौरा किया। उन्होंने रेल महाप्रबंधक (GM) से मुलाकात कर सुपौल और आसपास के इलाकों की प्रमुख रेल समस्याओं से अवगत कराया तथा एक मांग पत्र प्रस्तुत किया।

Supaul गढ़ बरूआरी में ओवरब्रिज निर्माण जल्द, ट्रेन ठहराव का प्रस्ताव बोर्ड को

मुलाकात के दौरान रेल महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज (FOB) निर्माण की प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं और जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अतिरिक्त, वैशाली एक्सप्रेस और जोगबनी एक्सप्रेस का इस स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग पर जीएम ने भरोसा दिया कि इसका औपचारिक प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को मंजूरी के लिए प्रेषित किया जाएगा।

रात में नई ट्रेन चलाने और प्लेटफॉर्म ऊंचाईकरण पर मिला आश्वासन

प्रतिनिधिमंडल ने पटना से सहरसा व सुपौल होते हुए ललितग्राम तक रात्रिकालीन नई ट्रेन सेवा शुरू करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर जीएम ने जनहित को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक कदम उठाने और बोर्ड को प्रस्ताव भेजने की बात कही। वहीं, बीना एकमा हॉल्ट के प्लेटफॉर्म को ऊंचा करने की मांग पर उन्होंने आश्वस्त किया कि तकनीकी जांच में मानक से कम पाए जाने पर सुधार कार्य कराया जाएगा।

ट्रेन विस्तार से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

ज्ञापन में हाट बाजार एक्सप्रेस और पूर्विया एक्सप्रेस का परिचालन दायरा सहरसा से आगे बढ़ाकर सुपौल, सरायगढ़ या ललितग्राम तक करने का सुझाव भी दिया गया। लक्ष्मण झा ने कहा कि सुपौल लंबे समय से बेहतर रेल सुविधाओं की उपेक्षा झेल रहा है। यदि इन सुझावों पर अमल होता है, तो इससे स्थानीय व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षार्थियों और आम यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी।

ये भी पढ़े: अमरनाथ यात्रा से लौट रही बस मकान पर गिरी: 39 श्रद्धालु सवार, सेना, ITBP और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन