रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : जिले में आगामी 12 सितंबर (शनिवार) को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के तत्वावधान में मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए कुल 20 पीठों (बेंच) का गठन किया गया है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार बच्चन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुलभ, सरल और सौहार्दपूर्ण माहौल में न्याय दिलाना है। इस लोक अदालत की कार्यवाही सुबह 10 बजे से सुपौल सिविल कोर्ट तथा वीरपुर अनुमंडलीय सिविल कोर्ट परिसर में एक साथ शुरू होगी।
सुपौल में 16 पीठें गठित, टाउन हॉल में निपटेंगे ट्रैफिक चालान
Supaul सुपौल न्यायमंडल में कुल 16 लोक अदालत पीठों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें से 12 नियमित पीठों को बैंक ऋण, एमएसीटी (सड़क दुर्घटना दावा), वैवाहिक विवाद, उपभोक्ता मामले और अन्य समझौता योग्य दीवानी व आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए निर्धारित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, शहर के टाउन हॉल में 4 विशेष पीठों की स्थापना की गई है, जो विशेष रूप से लंबित ट्रैफिक चालान के मामलों का निपटारा करेंगी। इससे चालान से जुड़े मामलों के जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।
वीरपुर अनुमंडलीय न्यायालय में 4 पीठों का संचालन
Supaul अनुमंडलीय सिविल कोर्ट वीरपुर के प्रथम और द्वितीय तल पर 4 लोक अदालत पीठों का गठन किया गया है। यहाँ आपराधिक शमनीय (समझौता योग्य) मामलों के साथ-साथ बैंक ऋण वसूली, बीएसएनएल/टेलीफोन बिल तथा अन्य संबंधित विवादों का निपटारा किया जाएगा।
स्थानीय लोग अपने पुराने मुकदमों का बिना किसी अदालती फीस के आपसी रजामंदी से स्थायी समाधान निकाल सकते हैं।
पक्षकारों और आम लोगों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क और पैरा लीगल वॉलंटियर्स की तैनाती
Supaul अदालत परिसर में आने वाले आम नागरिकों और पक्षकारों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हेल्प डेस्क, ट्रैफिक चालान सहायता केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी।
पक्षकारों को सही दिशा-निर्देश देने और प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पैरा-लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) को तैनात किया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम जनता से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
ये भी पढ़े: अजवाइन के फायदे: पेट की इन समस्याओं में मिल सकती है राहत, जानें सेवन के तरीके

