रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्षेत्रीय सांसद एवं लोजपा (रामविलास) के प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने गुरुवार को केंद्रीय विद्यालय का आधिकारिक उद्घाटन किया। फिलहाल इस विद्यालय का संचालन अभ्यास मध्य विद्यालय परिसर में बने मॉडल स्कूल भवन से किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में विधान पार्षद ललन प्रसाद, जिलाधिकारी शेखर आनंद, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, केंद्रीय विद्यालय संगठन के उपायुक्त, डीईओ डॉ. तनवीर आलम और लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष इमाम गजाली समेत कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।

जमुआड़ा में 5 एकड़ भूमि पर बनेगा स्थायी भवन
Sheikhpura केंद्रीय विद्यालय के स्थायी परिसर के निर्माण के लिए नगर क्षेत्र के जमुआड़ा में जिला प्रशासन द्वारा 5 एकड़ जमीन आवंटित कर दी गई है। प्राथमिक चरण में इस विद्यालय में बालवाटिका से लेकर पांचवीं कक्षा तक के बच्चों की पढ़ाई शुरू हो रही है। इसके लिए आवश्यक नामांकन प्रक्रिया और शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का काम पहले ही पूरा कर लिया गया है। सांसद अरुण भारती ने कहा कि शेखपुरा में केंद्रीय विद्यालय लाने में भले ही थोड़ा समय लगा, लेकिन अंततः यह सपना साकार हुआ। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन, स्थानीय नेताओं और आम जनता के प्रयासों की सराहना की।

जीतन राम मांझी पर साधा तीखा निशाना
Sheikhpura कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सांसद अरुण भारती ने राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने आरक्षण और अनुसूचित जाति के वर्गीकरण के विषय पर केंद्रीय मंत्री व एनडीए सहयोगी जीतन राम मांझी पर कड़ा प्रहार किया। अरुण भारती ने आरोप लगाया कि वर्ष 2007 में बिहार सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए मांझी ने दलित और महादलित का वर्गीकरण कराया था। उन्होंने दावा किया कि महादलित वर्ग के नाम पर मिलने वाली सरकारी सुविधाओं का वास्तविक लाभ केवल जीतन राम मांझी के परिवार तक ही सीमित रहा।

नीतिगत मुद्दों को व्यक्तिगत स्तर पर ले जाने का आरोप
Sheikhpura सांसद ने लोजपा (रा) का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की पक्षधर रही है। उन्होंने जीतन राम मांझी पर नीतिगत बहसों को निजी और व्यक्तिगत स्तर पर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया। अरुण भारती के इस बयान से क्षेत्र की सियासत में नई हलचल देखने को मिल रही है, जबकि दूसरी ओर शेखपुरा वासियों में केंद्रीय विद्यालय खुलने से खुशी की लहर है।
ये भी पढ़े: सुपौल में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, मुकदमों के त्वरित निपटारे के लिए बनीं 20 पीठें

