रिपोर्टर: रवि कुमार
Sidhi : मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-सीधी सीमा पर स्थित प्रसिद्ध छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर हथियारों से लैस बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला बोल दिया। बदमाश पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग और मारपीट कर NDPS मामले के एक शातिर आरोपी को जबरन छुड़ाकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पेशी के लिए ले जाया जा रहा था आरोपी, घाटी में घेराबंदी कर किया हमला
Sidhi मिली जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस की आठ सदस्यीय टीम NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला अदालत में पेशी के लिए ला रही थी। दोपहर करीब 1 बजे जैसे ही पुलिस का वाहन छुहिया घाटी के घुमावदार रास्तों से गुजर रहा था, तभी चार चारपहिया वाहनों में सवार होकर आए दर्जनभर से अधिक बदमाशों ने पुलिस गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
AK-47 से लैस पुलिसकर्मियों पर दागीं गोलियां, बेसबॉल बैट से किया प्रहार
Sidhi अधिकारियों के अनुसार, बदमाशों ने पुलिस टीम को संभलने का मौका तक नहीं दिया। उन्होंने पुलिस वाहन पर तीन राउंड गोलियां चलाईं और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस टीम के पास AK-47 और आधुनिक पिस्टल जैसे हथियार मौजूद थे, लेकिन अचानक हुए इस सुनियोजित हमले से वे जब तक मोर्चा संभालते, तब तक बदमाश आरोपी आदित्य मिश्रा को अपने साथ लेकर रफूचक्कर हो चुके थे। राहत की बात यह रही कि इस वारदात में कोई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
मैहर की ओर भागे बदमाश, सीधी एसपी ने बॉर्डर सील कर शुरू किया सर्च ऑपरेशन
Sidhi घटना की सूचना मिलते ही सीधी के पुलिस अधीक्षक (SP) संतोष कोरी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ओडिशा पुलिस के बयानों के आधार पर आसपास के सभी जिलों और थानों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। शुरुआती इनपुट के आधार पर बदमाशों की गाड़ियों के मैहर जिले की तरफ भागने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सभी सीमावर्ती रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान में जुट गई हैं।

