SheikhpuraSheikhpura
Spread the love

रिपोर्टर: रंजन कुमार

Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। SC/ST थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मारपीट, जातिसूचक शब्द का प्रयोग कर गाली-गलौज करने और लूटपाट के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस टीम ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पूरी की।

सदर अस्पताल के पास मछली मार्केट में हुआ था हमला

Sheikhpura यह पूरा मामला शेखपुरा के सदर अस्पताल के समीप स्थित मछली मार्केट का है। चेवाड़ा थाना क्षेत्र के पिण्डशरीफ निवासी बबलू कुमार (पिता- कैलाश रविदास) अपनी दुकान बंद कर रहे थे। उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर नामजद अभियुक्तों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए पीड़ित के ममेरे भाई नीरज कुमार पर भी हमला किया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

नकदी और सोने का लॉकेट छीनने का आरोप

Sheikhpura पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमले के दौरान अपराधियों ने नीरज कुमार के गले से सोने का लॉकेट झपट लिया और दुकान के गल्ले में रखी नकदी भी लूट ली। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर SC/ST थाना में कांड संख्या 50/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए दोनों आरोपी

Sheikhpura SC/ST थानाध्यक्ष अजितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर थाना क्षेत्र के बंगालीपुर गांव में अभियुक्तों के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सोनू मंडल और शिवम कुमार (दोनों निवासी बंगालीपुर) को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़े: सुपौल में पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र और घर की चाबी, गरीबों का पक्के मकान का सपना हुआ पूरा