Samajwadi Party Rajya Sabha ElectionSamajwadi Party Rajya Sabha Election
Spread the love

Samajwadi Party Rajya Sabha Election:लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के तीसरे उम्मीदवार को लेकर चल रहा सस्पेंस अब लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पोस्ट से संकेत मिला है कि पार्टी तीसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारेगी। अखिलेश यादव ने लिखा कि उनकी नजर तीन सीटों पर नहीं, बल्कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर है।

अखिलेश की इस टिप्पणी को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख भी आज है।

सपा ने पहले ही उतारे हैं दो उम्मीदवार

Samajwadi Party Rajya Sabha Election:उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है। समाजवादी पार्टी पहले ही वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। दोनों प्रत्याशियों ने लखनऊ में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।

इसके बाद पार्टी के तीसरे उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा चल रही थी। सपा के कुछ नेताओं की ओर से भी तीसरा प्रत्याशी उतारने के संकेत दिए गए थे।

तीसरे उम्मीदवार को लेकर क्यों था सस्पेंस?

Samajwadi Party Rajya Sabha Election:सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने इससे पहले कहा था कि पार्टी पर्याप्त संख्या बल जुटने के बाद तीसरा उम्मीदवार उतार सकती है। उन्होंने दावा किया था कि तीसरा प्रत्याशी मंगलवार को नामांकन दाखिल करेगा और पार्टी भाजपा को चुनौती देने की स्थिति में है।

पार्टी सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक रविदास मेहरोत्रा की ओर से भी इसी तरह के संकेत दिए गए थे। ऐसे में माना जा रहा था कि नामांकन की आखिरी तारीख पर अखिलेश यादव तीसरे प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकते हैं।

हालांकि, अब अखिलेश यादव की ‘403’ वाली टिप्पणी से माना जा रहा है कि पार्टी ने तीसरे उम्मीदवार की योजना को फिलहाल छोड़ दिया है।

403 सीटों पर सपा का फोकस

Samajwadi Party Rajya Sabha Election:अखिलेश यादव का बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। ‘403’ का जिक्र राज्य की कुल विधानसभा सीटों की संख्या को दर्शाता है।

सपा अब संगठन को मजबूत करने और प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक स्थिति बेहतर करने पर ज्यादा ध्यान देती दिखाई दे रही है। ऐसे में राज्यसभा की एक अतिरिक्त सीट के लिए रणनीति बनाने के बजाय पार्टी का फोकस बड़े चुनाव पर होने के संकेत मिल रहे हैं।

भाजपा के आठ उम्मीदवार भरेंगे नामांकन

Samajwadi Party Rajya Sabha Election:वहीं, भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी के प्रत्याशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे।

भाजपा ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है।

राजभर ने साधा था सपा पर निशाना

Samajwadi Party Rajya Sabha Election:सपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर चल रही चर्चा के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल किया था कि यदि सपा तीन उम्मीदवार उतारती है तो क्या सभी प्रत्याशी पार्टी के ‘पीडीए’ फॉर्मूले के अनुरूप होंगे।

अब अखिलेश यादव की नई पोस्ट के बाद तीसरे उम्मीदवार को लेकर चल रही अटकलों पर काफी हद तक विराम लगता दिखाई दे रहा है। हालांकि, नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

read this:-Meerut Fake Currency Racket:मेरठ में नकली नोटों का खेल उजागर, ऊपर-नीचे असली करेंसी और बीच में कागज; 5 गिरफ्तार