रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Jamnagar : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) और वैश्विक टेक दिग्गज मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक (Meta) के बीच एक ऐतिहासिक समझौता हुआ है। इसके तहत रिलायंस, गुजरात के जामनगर में एक विशाल डेटा सेंटर का निर्माण करेगी। कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस डेटा सेंटर की क्षमता 168 मेगावाट (MW) होगी, जिसे अगले दो वर्षों के भीतर तैयार कर लिया जाएगा। भविष्य में इस क्षमता को और अधिक बढ़ाने का विकल्प भी रखा गया है।
कंपनी ने बताया कि मेटा के लिए भारत में तैयार होने वाला यह पहला ‘बिल्ट-टू-सूट’ (जरूरत के मुताबिक विशेष रूप से निर्मित) डेटा सेंटर है। यह परियोजना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर के वैश्विक हब के रूप में भारत की स्थिति को बेहद मजबूत करेगी।
Jamnagar वैश्विक एआई आवश्यकताओं को पूरा करेगी यह साझेदारी
इस समझौते के तहत मेटा इस अत्याधुनिक सुविधा से क्षमता को लीज (किराए) पर लेगी। यह कदम मेटा के वैश्विक बुनियादी ढांचे के विस्तार और रिलायंस के साथ उसके पुराने रणनीतिक संबंधों को और गहरा करेगा। दोनों कंपनियों की यह साझेदारी कनेक्टिविटी, ई-कॉमर्स और एआई इनोवेशन के क्षेत्र में पहले से ही मजबूत है। यह नया डेटा सेंटर मेटा के वैश्विक संचालन और एआई कंप्यूटिंग से जुड़ी जरूरतों को पूरा करेगा, जिससे वैश्विक डिजिटल इकोसिस्टम में भारत की भूमिका और बड़ी हो जाएगी।
Jamnagar रिलायंस देगा ‘सिंगल-विंडो’ एंड-टू-एंड सर्विसेज
रिलायंस इस परियोजना के लिए डिजाइन और निर्माण से लेकर यूटिलिटी मैनेजमेंट तक की पूरी जिम्मेदारी संभालेगा। कंपनी इस सेंटर को रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा), नेटवर्क कनेक्टिविटी और पूरी तरह से प्रबंधित परिचालन सेवाएं (fully managed operational services) प्रदान करेगी। रिलायंस ने कहा कि यह परियोजना उसे भारत में हाइपरस्केल एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक ‘सिंगल-विंडो सॉल्यूशन प्रोवाइडर’ के रूप में स्थापित करती है। पर्यावरण का ध्यान रखते हुए इस डेटा सेंटर को पूरी तरह से नवीकरणीय ऊर्जा से चलाया जाएगा और इसे ठंडा करने के लिए डिसेलिनेटेड (लवणमुक्त) समुद्री पानी का उपयोग किया जाएगा।
Jamnagar डिजिटल क्रांति और वैश्विक नेतृत्व पर दिग्गजों के विचार
साझेदारी पर खुशी जताते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी ने कहा:
“मेटा के साथ यह पार्टनरशिप भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ है। वैश्विक टेक लीडर के लिए ऐसा डेटा सेंटर बनाना यह साबित करता है कि भारत ग्लोबल एआई क्रांति का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है। जामनगर हाइपरस्केल एआई कंप्यूटिंग का एक बड़ा केंद्र बनेगा।”
वहीं, मेटा के संस्थापक और सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कहा:
“हमें भारत में अपना पहला एआई-सक्षम डेटा सेंटर बनाने के लिए रिलायंस के साथ काम करने पर गर्व है। जामनगर की यह विश्व स्तरीय सुविधा हमें अपने वैश्विक एआई बुनियादी ढांचे को बढ़ाने में मदद करेगी और भारत की अर्थव्यवस्था में हमारे दीर्घकालिक निवेश को और मजबूत करेगी।”

