RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Bingson John hotel conman arrested Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस ने देश के सबसे शातिर और हाई-प्रोफाइल ‘होटल ठग’ बिंगसन जॉन को ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। 69 वर्षीय इस बुजुर्ग ठग की अपराध गाथा किसी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म की कहानी जैसी है। रायपुर के लग्जरी होटल ‘हयात’ में करीब 2.12 लाख रुपये की ठगी करने के बाद आरोपी फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने खुद कबूल किया कि उसकी पूरी जिंदगी सिर्फ दो ही जगहों पर बीती है—या तो देश की सबसे सुरक्षित जेलों में या फिर बेहद महंगे फाइव स्टार होटलों में।

Bingson John hotel conman arrested Raipur तिहाड़ जेल में कुख्यात चार्ल्स सोभराज से सीखी ठगी की बारीकियां

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तमिलनाडु का रहने वाला बिंगसन जॉन साल 1990 से लगातार देशभर के आलीशान होटलों को अपना निशाना बना रहा है। उसके अपराध की दुनिया में सबसे बड़ा मोड़ साल 1996 में आया, जब वह पहली बार दिल्ली की तिहाड़ जेल पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात ‘बिकनी किलर’ के नाम से मशहूर अंतरराष्ट्रीय ठग चार्ल्स सोभराज से हुई। सोभराज की शातिराना चालों और लाइफस्टाइल से प्रभावित होकर जॉन ने ठगी का अपना पूरा तरीका ही बदल दिया और लग्जरी होटलों को ठगने का मास्टर प्लान तैयार किया। वह अपनी जिंदगी के करीब 15 साल अलग-अलग राज्यों की जेलों में काट चुका है।

Bingson John hotel conman arrested Raipur योगा टीचर और विदेशी गाइड बनकर एंट्री, बिना बिल दिए गायब होने का अनोखा अंदाज

बिंगसन जॉन का शिकार करने का तरीका बेहद कॉरपोरेट और अनूठा था। वह अंग्रेजी में काफी पारंगत है, जिसका फायदा उठाकर वह खुद को विदेशी पर्यटकों का ट्रैवल गाइड, योग गुरु या इंग्लिश प्रोफेसर बताता था। इस रसूखदार पहचान के दम पर वह आसानी से पांच सितारा होटलों में सुइट बुक करा लेता था। वहां वह कई दिनों तक रुकता, बेहतरीन सुविधाओं का आनंद लेता और जरूरत पड़ने पर होटल प्रबंधन से महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी मांग लेता था। इसके बाद वह बिना किसी को भनक लगे, बिना चेक-आउट किए और बिना बिल चुकाए रफूचक्कर हो जाता था।

Bingson John hotel conman arrested Raipur रायपुर के होटल हयात को ऐसे लगाया चूना, 10 राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे

रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वीआईपी होटल ‘हयात’ में आरोपी ने बीते 25 जून को एंट्री ली थी। दो दिन तक ऐश करने के बाद 27 जून की सुबह वह चोरी-छिपे होटल से निकल गया। उसने होटल का 63,755 रुपये का बिल तो नहीं ही चुकाया, साथ ही प्रबंधन से विशेष अनुरोध पर लिया गया 1.48 लाख रुपये का कीमती लैपटॉप भी अपने साथ समेट ले गया। होटल द्वारा दिए गए दोनों मोबाइल नंबर बंद आने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

देशव्यापी क्राइम रिकॉर्ड: पुलिस जांच में सामने आया है कि बिंगसन जॉन के खिलाफ दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और ओडिशा समेत देश के 10 से अधिक राज्यों में चोरी और जालसाजी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। वह जेल से छूटते ही तुरंत नई वारदात को अंजाम देने निकल पड़ता था।

ये भी पढ़े: Nissan Tekton Price and Features India: भारतीय ऑटो बाजार में निसान का बड़ा दांव, ₹10.49 लाख की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुई ‘टेक्टॉन’, क्रेटा, सेल्टॉस और ग्रैंड विटारा की बढ़ी मुश्किलें

You missed